अग्निवीर जीडी भर्ती:सारण के 333 अभ्यर्थी चयनित, कल भोजपुर के अभ्यर्थी लगाएंगे दौड़

Updated:
विज्ञापन

बहाली के दौरान अभ्यर्थी

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

सारण जिले के अग्निवीर जीडी भर्ती प्रक्रिया में 333 अभ्यर्थियों का चयन किया गया. जलजमाव के कारण सड़क पर दौड़ कराई गई. कल भोजपुर के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी.

विज्ञापन

Agniveer Recruitment in Danapur : बिहार-झारखंड सेना भर्ती मुख्यालय कार्यालय के चांदमारी स्थित नये भवन के समीप मंगलवार को सारण जिले के अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर जीडी पद की भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई. मैदान में जलजमाव होने के कारण अभ्यर्थियों को जूता पहनाकर सड़क पर 1600 मीटर की दौड़ करायी गयी. भर्ती प्रक्रिया के दौरान कुल 333 अभ्यर्थियों का चयन किया गया.

विज्ञापन

602 अभ्यर्थियों ने कराया था पंजीकरण

मंगलवार को सारण जिले के करीब 602 अभ्यर्थियों ने भर्ती के लिए पंजीकरण कराया था. इनमें से करीब 515 अभ्यर्थी दौड़ में शामिल होने पहुंचे, जबकि 435 अभ्यर्थियों ने 1600 मीटर की दौड़ में हिस्सा लिया. दौड़ में सफल अभ्यर्थियों का लंबी कूद, बीम सहित अन्य शारीरिक दक्षता परीक्षण कराया गया. इसके साथ ही उनके शैक्षणिक एवं अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गयी.

शारीरिक दक्षता परीक्षण और दस्तावेज जांच में सफल 333 अभ्यर्थियों का चयन किया गया. भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में चयनित अभ्यर्थियों की मेडिकल जांच होगी.

रात एक बजे से शुरू हुआ प्रवेश

सेना भर्ती निदेशक बिंदु अग्रिहोत्री ने बताया कि मंगलवार को सारण जिले के युवाओं ने अग्निवीर जीडी बनने के लिए दौड़ लगायी. अभ्यर्थियों का प्रवेश रात करीब एक बजे से चांदमारी के पिछले गेट से शुरू किया गया. इसके बाद अभ्यर्थियों को मैदान से होते हुए सड़क तक ले जाया गया. इस दौरान लंबी कतार में खड़े अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाण पत्र समेत अन्य कागजात की जांच की गयी.

दस्तावेज जांच के दौरान कुछ अभ्यर्थियों के जन्म प्रमाण पत्र समेत अन्य कागजात में गड़बड़ी पायी गयी. ऐसे अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया. सुबह करीब तीन बजे से अभ्यर्थियों को सड़क पर दौड़ के लिए भेजा गया.

लक्ष्य पूरा नहीं करने वाले हुए बाहर

1600 मीटर दौड़ के दौरान निर्धारित समय में लक्ष्य पूरा नहीं कर पाने वाले कई अभ्यर्थियों को बाहर कर दिया गया. इसके बाद सफल अभ्यर्थियों का लंबी कूद, बीम समेत अन्य शारीरिक दक्षता परीक्षण कराया गया.

भर्ती निदेशक ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को स्वच्छ और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के लिए सेना की ओर से सैन्य अधिकारी को पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किया गया है. उनकी निगरानी में पूरी भर्ती प्रक्रिया संपन्न करायी जा रही है. फर्जी दस्तावेज के साथ भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी. दौड़ और अन्य गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सड़क पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाये गये हैं.

दलालों से सावधान रहने की अपील

सेना भर्ती निदेशक ने अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को दलालों से सावधान रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि दलाल भर्ती कराने का झूठा आश्वासन देकर राज्य के गरीब और भोले-भाले युवाओं को ठगते हैं. अभ्यर्थी किसी के झांसे में नहीं आएं.

दौड़ के दौरान अभ्यर्थी का पैर टूटा

सड़क पर दौड़ के दौरान कई अभ्यर्थियों के घायल होने की भी सूचना है. छपरा जिले के मुबारकपुर निवासी अभ्यर्थी मनीष कुमार का पैर टूट गया. उसे इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जेपीएन अस्पताल रेफर कर दिया गया.

आज भोजपुर के अभ्यर्थी लगाएंगे दौड़

भर्ती निदेशक बिंदु अग्रिहोत्री ने बताया कि बुधवार को भोजपुर जिले के अग्निवीर जीडी पद के अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया होगी. इसके लिए भी सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गयी हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन