मुंबई एयरपोर्ट पर पार्सल फंसे होने का झांसा देकर महिला से 1.40 लाख ठगे, अब CBI अधिकारी बन धमका रहे
एआइ से बनायी गयी तस्वीर
मुंबई एयरपोर्ट पर पार्सल फंसा होने का झांसा देकर महिला से ₹1.40 लाख की ठगी हुई. ठगों ने CBI अधिकारी बनकर धमकाया. जानिए कैसे बचें.
Mumbai Airport Parcel Scam : पटना में साइबर ठगों ने मुंबई एयरपोर्ट पर पार्सल फंसे होने का झांसा देकर एक महिला से करीब 1.40 लाख रुपये ठग लिये. रुपये देने के बाद भी महिला को पार्सल नहीं मिला. इसके बाद ठगों ने दोबारा पैसे की मांग शुरू कर दी. महिला के और पैसे देने से इनकार करने पर उसे फोन कर धमकाया जाने लगा. आरोपित खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर कार्रवाई का भय दिखा रहे हैं. मामले को लेकर पीड़िता ने पटना साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज करायी है.
पार्सल छुड़ाने के नाम पर अलग-अलग मदों में मांगे रुपये
पीड़िता के आवेदन के अनुसार, उसे फोन कर बताया गया कि उसका पार्सल मुंबई एयरपोर्ट पर फंसा हुआ है. पार्सल छुड़ाने के लिए अलग-अलग मदों में रकम जमा करनी होगी. ठगों की बातों पर भरोसा कर पीड़िता ने करीब 1.40 लाख रुपये उनके बताए तरीके से भेज दिये. रकम भेजने के बाद भी उसे पार्सल नहीं दिया गया. इसके बाद ठगों ने फिर से पैसों की मांग शुरू कर दी. जब पीड़िता ने और रकम देने से इनकार कर दिया, तो आरोपितों ने उसे फोन कर धमकाना शुरू कर दिया.
सीबीआई अधिकारी बताकर कार्रवाई का भय
पीड़िता का कहना है कि फोन करने वाले खुद को सीबीआई अधिकारी बता रहे हैं. वे बार-बार फोन कर कार्रवाई का भय दिखा रहे हैं. लगातार धमकी और पैसों की मांग से वह मानसिक तनाव में है. पीड़िता ने पुलिस को मामले से जुड़े साक्ष्य भी उपलब्ध कराये हैं. उसने पूरे मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
बैंक खातों और फोन नंबरों की जांच में जुटी पुलिस
साइबर पुलिस अब मामले की जांच में जुट गयी है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ठगों ने पीड़िता से संपर्क करने के लिए किन मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किया और ठगी की रकम किन बैंक खातों में भेजी गयी. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि पार्सल फंसे होने के नाम पर ठगों ने और कितने लोगों को इसी तरह अपना निशाना बनाया है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए