पटना: परसा में महादलित समुदाय के बच्चों के लिए नि:शुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र शुरू, विधायक ने किया उद्घाटन

कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन करते विधायक श्याम रजक
फुलवारीशरीफ प्रखंड के परसा गांव में नारी गुंजन ने मुसहर समुदाय के बच्चों और युवाओं के लिए एक निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत की है. यह पहल 60 छात्र-छात्राओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़कर रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करेगी.
Patna News : फुलवारीशरीफ प्रखंड के परसा गांव में शनिवार को नारी गुंजन की ओर से मुसहर समुदाय के बच्चों और युवाओं के लिए नि:शुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत की गई. प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन फुलवारीशरीफ के विधायक श्याम रजक ने फीता काटकर किया. कार्यक्रम की शुरुआत नारी गुंजन की महिला बैंड की प्रस्तुति से हुई, जबकि पद्मश्री सुधा वर्गीज ने अतिथियों का स्वागत किया.
60 छात्र-छात्राओं को मिलेगा मुफ्त प्रशिक्षण
नारी गुंजन द्वारा ईडीएमई के सहयोग से संचालित इस केंद्र में मुसहर समुदाय के 30 छात्र और 30 छात्राओं को नि:शुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण दिया जाएगा. संस्था का उद्देश्य वंचित समुदाय के बच्चों को डिजिटल शिक्षा से जोड़कर उन्हें रोजगार के बेहतर अवसरों के लिए तैयार करना है.
तकनीकी शिक्षा से आत्मनिर्भर बनेंगे युवा : विधायक
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक श्याम रजक ने कहा कि वर्तमान समय में कंप्यूटर शिक्षा हर क्षेत्र की आवश्यकता बन गई है. उन्होंने कहा कि यदि समाज के कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ा जाए तो वे आत्मनिर्भर बन सकते हैं और सम्मानजनक रोजगार प्राप्त कर सकते हैं. उन्होंने इस पहल को सामाजिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया.
डिजिटल शिक्षा से खुलेगी नई संभावनाएं
नारी गुंजन की सचिव पद्मश्री सुधा वर्गीज ने कहा कि शिक्षा सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम है. मुसहर समुदाय के बच्चों और युवाओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ना उन्हें मुख्यधारा में लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. कंप्यूटर का ज्ञान उनके आत्मविश्वास को बढ़ाएगा और भविष्य में नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा.
कौशल विकास और रोजगार पर जोर
समाजसेवी एवं डेवलपमेंट कंसल्टेंट प्रकाश कुमार ने कहा कि आज लगभग हर क्षेत्र में कंप्यूटर का ज्ञान आवश्यक हो गया है. उन्होंने बताया कि मुसहर समुदाय की साक्षरता दर करीब 15 प्रतिशत है. ऐसे में यह प्रशिक्षण केंद्र बच्चों और युवाओं को आधुनिक रोजगार बाजार की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
अतिथियों ने की पहल की सराहना
बैंक ऑफ बड़ौदा के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कर्मचारी कल्याण संघ के विजय प्रकाश ने कहा कि नारी गुंजन समाज के वंचित वर्गों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और कौशल विकास पहुंचाने का सराहनीय कार्य कर रही है. कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने कहा कि यह प्रशिक्षण केंद्र मुसहर समुदाय के बच्चों और युवाओं के लिए शिक्षा, डिजिटल कौशल और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित होगा.
कार्यक्रम में सुधाकर कुमार, मैत्यूर रहमान, पप्पू कुमार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, नारी गुंजन के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











