गड्ढा खोद कर छोड़ा, जाम और हादसे से लोग परेशान
Published by : VIPIN PRAKASH YADAV Updated At : 04 May 2025 11:23 PM
patna news: फुलवारीशरीफ . नगर परिषद कार्यालय से महज कुछ कदम की दूरी पर चुनौती कुआं बाजार मोड़ पर पिछले एक सप्ताह से खोदा गया गड्ढा अब तक नहीं भरा गया है.
फुलवारीशरीफ . नगर परिषद कार्यालय से महज कुछ कदम की दूरी पर चुनौती कुआं बाजार मोड़ पर पिछले एक सप्ताह से खोदा गया गड्ढा अब तक नहीं भरा गया है. यह गड्ढा वाटर सप्लाई पाइपलाइन बिछाने के नाम पर खोदा गया था, लेकिन कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे यहां हर दिन जाम और हादसे की स्थिति बनी रहती है. यह मार्ग पटना-गया रोड को पुनपुन, इसापुर और भगत सिंह चौक से जोड़ता है. रोज़ाना हजारों गाड़ियां, स्कूल बसें और एंबुलेंस इसी रास्ते से गुजरती हैं, जो अब गड्ढे और अतिक्रमण के कारण फंसी रहती हैं. चुनौती कुआं मोड़ पर अस्थायी ऑटो स्टैंड ने हालात और बिगाड़ दिया है. स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि कार्य का ठेका जियाउल नामक व्यक्ति को दिया गया है, जो हर दिन आश्वासन देता है एक दिन में हो जायेगा, लेकिन न पाइप डाले गये, न गड्ढा भरा गया. फलस्वरूप व्यापार पूरी तरह चौपट हो चुका है. सब्जी विक्रेता, मेडिकल स्टोर, मॉल, चाय-पान की दुकानें तक प्रभावित हैं. पहले से ही भारी ट्रैफिक की समस्या थी, अब संकरी सड़क के कारण हादसे और आम हो गए हैं. कई वाहन पलट चुके हैं और राहगीर गिरकर घायल हो रहे हैं. हैरानी की बात यह है कि नगर परिषद, थाना और प्रशासनिक दफ्तर की इतनी नजदीकी के बावजूद किसी अधिकारी ने स्थिति की सुध नहीं ली. यही नहीं, गुलिस्तान मोहल्ला में भी ऐसे ही गड्ढे खोदकर अधूरे छोड़ दिया गया है. लोग लगातार परेशानी झेल रहे हैं और कोई सुनवाई नहीं हो रही. स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई की जाये, अधूरा कार्य तत्काल पूरा कराया जाये और गड्ढों को भरकर सड़क को सुचारु बनाया जाये.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










