जिले के 23 विद्यालय बनेंगे आदर्श, प्रत्येक प्रखंड में एक स्कूल का चयन

Author Amber md
Updated:
विज्ञापन
जिले के 23 विद्यालय बनेंगे आदर्श, प्रत्येक प्रखंड में एक स्कूल का चयन

शिक्षा विभाग ने जिले के सभी 23 प्रखंडों में एक हाइस्कूल को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है

विज्ञापन

— सभी प्रखंडों में एक-एक हाइस्कूल चिह्नित

संवाददाता, पटना

शिक्षा विभाग ने जिले के सभी 23 प्रखंडों में एक हाइस्कूल को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है. यहां मॉडल स्कूल के रूप में विकसित होने वाले सभी प्रखंडों में एक-एक हाइस्कूल को चिह्नित कर लिया गया है. इस योजना के तहत पटना कॉलेजिएट स्कूल को भी शामिल किया गया है. विद्यालयों का चयन भूमि की पर्याप्त उपलब्धता और बुनियादी ढांचे को मानक बनाते हुए किया गया है. विभाग की ओर से चयनित इन स्कूलों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का जायजा लेने के लिए प्रमंडल स्तर पर टीम गठित की गयी है. टीम में शामिल अधिकारी अपने प्रमंडल क्षेत्र के विद्यालयों की जांच कर इसकी रिपोर्ट विभाग को देंगे. इससे विद्यालयों में जो भी कमियां हैं, उन्हें दूर कर सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेंगी. इन स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड की ओर से उपलब्ध करायी जायेंगी. इन विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष बल दिया जायेगा. सबसे पहले छात्र-शिक्षक अनुपात को मानक के अनुरूप लाया जायेगा. विद्यालयों में आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार भी किया जायेगा. जिला शिक्षा कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिन विद्यालयों का चयन मॉडल विद्यालय के लिए किया गया है, उनके पास 0.5 एकड़ से लेकर 9 एकड़ की भूमि उपलब्धता है. इस योजना के क्रियान्वयन के लिए विद्यालय में नोडल ऑफिसर भी बनाये गये हैं, जिनमें संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक, बीइओ शामिल हैं.

मॉडल स्कूलों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से भी जोड़ा जायेगा

मॉडल स्कूलों में कंप्यूटर की बेहतर शिक्षा के लिए लैब भी तैयार किये जायेंगे. इसके साथ ही विद्यार्थियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ कर उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करायी जायेगी. छात्रों को डिजिटल बोर्ड और प्रोजेक्टर आधारित लर्निंग और टीचिंग का अनुभव मिलेगा. इसके अलावा इन स्कूलों में एकेडमिक ज्ञान के साथ ही खेल, संस्कृति, नृत्य और संगीत जैसे अन्य कौशल भी सिखाये जायेंगे. बच्चों को हारमोनियम, गिटार सहित अन्य वाद्य यंत्र का भी प्रशिक्षण मिलेगा. स्कूलों में इसमें विद्यार्थियों की संख्या के हिसाब से वर्ग कक्ष, विषयवार शिक्षकों की नियुक्ति, माध्यमिक विद्यालय में न्यूनतम 8 और उच्च माध्यमिक में न्यूनतम 16 शिक्षक होंगे.

इन विद्यालयों का हुआ है चयन

प्रखंड- विद्यालय का नाम

अथमलगोला- एसडीडीएस हाइस्कूल

बख्तियारपुर- मंजू सिन्हा प्रोजेक्ट गर्ल्स हाइस्कूल

बाढ़- एसएस गर्ल्स हाइस्कूल

बेलछी- राजकीयकृत हाइस्कूल कोरारी जोधन बिगहा

घोसवारी- एलएन सीताराम हाइस्कूल कुर्मीचक

मोकामा- आरएसएम रेलवे हाइस्कूल मोकामाघाट

पंडारक- पुण्यार्क विद्या मंदिर

बिहटा- जीसी हाइस्कूल रामबाग

दानापुर- गांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय

मनेर- इंदर सिंह हाइस्कूल शेरपुर

नौबतपुर- गवर्मेंट त्रिभुवन उच्च माध्यमिक विद्यालय

धनरुआ- राजकीयकृत हाइस्कूल वीर ओइयारा

मसौढ़ी- हाइस्कूल नूरा

पुनपुन- शहीद रामानंद हाइस्कूल लखना

बिक्रम- उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय बराह

दुल्हिन बाजार- राम लखन सिंह यादव उच्च विद्यालय दुल्हिन बाजार

पालीगंज- उच्च विद्यालय पालीगंज

दनियावां- महेश्वर विद्यापीठ सहारनपुर

फतुहा- उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय डुमरी

खुसरूपुर- उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय जगमलबिगहा

पटना सदर शहरी- पटना कॉलेजिएट स्कूल

फुलवारीशरीफ- उच्च माध्यमिक विद्यालय गोनपुरा

संपतचक- उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय लंका कछुआरा

विज्ञापन
Amber Md

लेखक के बारे में

By Amber Md

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन