चप्पल पहन देनी होगी इंटर परीक्षा

Updated at : 05 Jan 2020 7:35 AM (IST)
विज्ञापन
चप्पल पहन देनी होगी इंटर परीक्षा

पटना : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने 3 से 13 फरवरी तक आयोजित होने वाली इंटर वार्षिक परीक्षा से संबंधित गाइडलाइन जारी कर दी है. बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने सभी जिला पदाधिकारियों, एसएसपी, एसपी और जिला शिक्षा पदाधिकारी को पत्र लिख कर स्वच्छ वातावरण और कदाचारमुक्त परीक्षा संपन्न कराने को कहा है. इसके साथ […]

विज्ञापन

पटना : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने 3 से 13 फरवरी तक आयोजित होने वाली इंटर वार्षिक परीक्षा से संबंधित गाइडलाइन जारी कर दी है. बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने सभी जिला पदाधिकारियों, एसएसपी, एसपी और जिला शिक्षा पदाधिकारी को पत्र लिख कर स्वच्छ वातावरण और कदाचारमुक्त परीक्षा संपन्न कराने को कहा है.

इसके साथ सभी सेंटर पर सीसीटीवी और वीडियोग्राफी कराने की निर्देश भी दिया है. साथ ही एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है, जिससे सभी अधिकारी जुड़ेंगे. पिछले वर्ष की तरह इस बार भी इंटर परीक्षा में शामिल होने वाले सभी परीक्षार्थियों को चप्पल पहन कर ही परीक्षा देनी होगी.
जूता-मोजा पहनने वाले परीक्षार्थियों को केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं मिलेगा. परीक्षा हॉल में प्रत्येक बेंच पर अधिकतम दो परीक्षार्थी ही बैठेंगे. प्रत्येक 25 परीक्षार्थियों पर एक वीक्षक के अनुपात में वीक्षकों की प्रतिनियुक्ति की जायेगी. परीक्षा कक्ष में दो
वीक्षक रहेंगे.
एक बेंच पर बैठेंगे दो परीक्षार्थी, वीक्षकों के पास नहीं होगा मोबाइल
दीवारों से सटाकर डेस्क-बेंच लगाने पर रोक लगायी गयी है. एक बेंच पर केवल दो परीक्षार्थियों को बैठाने का निर्देश दिया गया है. इसके साथ ही बोर्ड अध्यक्ष ने कहा है कि परीक्षा केंद्र पर केंद्राधीक्षक के सहयोग के लिए जो भी शिक्षक या कर्मी उपस्थित रहेंगे, वे अपने पास मोबाइल फोन नहीं रखेंगे. परीक्षा के दौरान वीक्षक को मोबाइल फोन लेकर आने की अनुमति नहीं है. सेंटर पर छात्राओं को चेक करने के लिए महिला पुलिसकर्मी और महिला वीक्षक मौजूद रहेंगी.
महिला परीक्षार्थियों की तलाशी के दौरान पुरुष वीक्षक को उस कक्ष से बाहर निकलना होगा. परीक्षा केंद्र पर किसी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल, ब्लूटूथ, पेजर आदि रखने की अनुमति नहीं है. इसके साथ परीक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को वैध कागजात के अतिरिक्त कोई अन्य कागजात परीक्षा केंद्र पर नहीं लाना है.
प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त संख्या में स्टैटिक दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जायेगी. इसके साथ बोर्ड ने बिहार बोर्ड एग्जाम 2020 नामक व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया है. इस ग्रुप में सभी जिला पदाधिकारियों और जिला शिक्षा पदाधिकारियों को जोड़ा गया है. सूचना के आदान-प्रदान के लिए ग्रुप का उपयोग करने को कहा गया है.
एडमिट कार्ड खोने पर परीक्षा में मिलेगी बैठने की अनुमति : यदि किसी परीक्षार्थी का एडमिट कार्ड गुम हो गया हो या भूल से घर पर छूट गया हो, तो ऐसी स्थिति में उपस्थिति पत्रक में फोटो से उसे पहचान कर और रॉल शीट से सत्यापित कर परीक्षा में बैठने की अनुमति मिलेगी.
एसटीइटी में मोबाइल नहीं रखेंगे वीक्षक
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (एसटीइटी) 2019 के लिए कई तरह की गाइडलाइन जारी की है. 28 जनवरी को होने वाली परीक्षा में भी घड़ी, जूता-मोजा पहन कर आने की अनुमति नहीं दी गयी है.
बोर्ड ने कहा है कि सर्दी का मौसम होने के कारण कई तह में कपड़े पहन कर परीक्षा दे सकते हैं, लेकिन गहन तलाशी होगी. ऐसे व्यक्तियों को परीक्षा कार्य में शामिल होने पर रोक लगा दी गयी है, जिनके पुत्र या पुत्री या निकट संबंधी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं. इस संबंध में घोषणापत्र भी शिक्षकों को देना होगा. इसके साथ कार्य में लगे लोगों को मोबाइल फोन भी नहीं लाना होगा.
इसके लिए भी शपथपत्र शिक्षकों को देना होगा. केंद्राधीक्षक को अगर मोबाइल इस्तेमाल करना है, तो उन्हें स्मार्ट मोबाइल नहीं रखना होगा. परीक्षा से संबंधित बात करने के लिए छोटा मोबाइल रखना होगा. केंद्राधीक्षक आश्वस्त हो लेंगे कि सभी सीसीटीवी कार्यरत हैं और परीक्षा की वीडियोग्राफी भी हो रही है. प्रश्नपत्र के 10 सेट भी तैयार किये गये हैं.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन