पटना : तीन बार बोला पटना से ट्रांसफर करा लो, फिर गाड़ी पर बैठते ही इंजीनियर को मार दी गोली
Updated at : 19 Dec 2019 9:37 AM (IST)
विज्ञापन

अनीसाबाद गोलंबर की घटना, निजी अस्पताल में कराया गया भर्ती पटना : पुनाइचक स्थित केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) में सहायक अभियंता अमीरूल्ला अंसारी को एक बदमाश गोली मार मौके से फरार हो गया. घटना बुधवार की देर शाम 6:30 बजे अनीसाबाद गोलंबर की है. वारदात के वक्त इंजीनियर सरकारी इनोवा कार से अनीसाबाद स्थित […]
विज्ञापन
अनीसाबाद गोलंबर की घटना, निजी अस्पताल में कराया गया भर्ती
पटना : पुनाइचक स्थित केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) में सहायक अभियंता अमीरूल्ला अंसारी को एक बदमाश गोली मार मौके से फरार हो गया. घटना बुधवार की देर शाम 6:30 बजे अनीसाबाद गोलंबर की है.
वारदात के वक्त इंजीनियर सरकारी इनोवा कार से अनीसाबाद स्थित अपने अपार्टमेंट जा रहे थे. तभी बाइक सवार एक अपराधी ने उन पर दो राउंड गोली चला दी. गोली इंजीनियर के जांघ में लगी है. घटना के बाद आनन-फानन में घायल इंजीनियर को राजा बाजार स्थित एक बड़े निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इंजीनियर की पत्नी अमरीन निजाम के कहने पर पुलिस ने गर्दनीबाग में अपराधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. मौके पर मौजूद इंजीनियर के ड्राइवर उमेश कुमार ने बताया कि पुनाइचक में काम खत्म कर अमीरूल्ला अंसारी अपने घर अनिसाबाद जा रहे थे. ऑफिस से ही एक मोटरसाइकिल सवार अपराधी पीछा कर रहा था.
गोलंबर पर जैसे ही अंसारी सब्जी खरीदने के लिए उतरे, अपराधी बातचीत करने लगा. दोनों के बीच करीब 20 मिनट तक बातें हुई, इसके बाद जैसे ही वह अपने इनोवा गाड़ी में बैठने लगे, इस बीच कमर से पिस्टल निकाल दो राउंड गोली मार दी. बातचीत के दौरान अपराधी बार-बार इंजीनियर को ट्रांसफर करा के पटना छोड़ने की बात बोल रहा था. इंजीनियर अमीरूल्ला अंसारी के परिजनों ने बताया कि तीन महीने पहले उनकी पत्नी अमरीम निजाम के ऊपर अपराधियों ने हमला किया था. पत्नी ने हमले की जानकारी गर्दनीबाग थाने को दी थी, जिसके आधार पर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था.
अस्पताल में इलाज के दौरान इंजीनियर अंसारी से शास्त्रीनगर थाने की पुलिस ने बयान लिया. वहीं अंसारी के परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि पिछले पांच दिन से कुछ लोगों के द्वारा अमीरूल्ला को मोबाइल पर धमकी दी जा रही थी. पुलिस की पहली जांच में सीपीडब्ल्यूडी में ठेके पर साइन कराने की बातें सामने आ रही है. जांच कर रहे अधिकारियों की माने तो सहायक अभियंता होने के नाते इनके साइन पर ही अलग-अलग जगहों पर निर्माण कार्य कराने के लिए ठेका दिया जाता है. कुछ ठेकेदार जबरदस्ती टेंडर के लिए दबाव डाल रहे थे, वहीं अंसारी ने मना कर दिया तो उन लोगों के द्वारा गोली मार दी गयी. हालांकि कौन ठेकेदार है और किसके कहने पर गोली मारी गयी है इसकी जानकारी पुलिस को नहीं मिल पायी है, इस बिंदु पर जांच की जा रही है.
इंजीनियर के बड़े भाई अशीदुल्ला गालिब अंसारी ने बताया कि वह तीन भाई हैं, एक भाई गांव बाकी दोनों भाई पटना रहते हैं. अपनी पत्नी व चार साल के बेटे के साथ वह अनिसाबाद स्थित एक अपार्टमेंट में रहते हैं. 22 जून को लखनऊ से अमीरूल्ला का ट्रांसफर पटना हुआ था. ईमानदार होने के नाते कई लोग उसके खिलाफ थे. वहीं शास्त्रीनगर थाना प्रभारी विमलेंदु कुमार ने बताया कि पीड़ित के बयान ले लिया गया है. उनके परिजनों से भी बातचीत की गयी. वहीं गर्दनीबाग थाना प्रभारी अरविंद कुमार गौतम ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गयी है, घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की जा रही है, जल्द ही मुख्य आरोपित पकड़ा जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




