बिहार में बोले अमित शाह, J&K से धारा 370 हटाने के लिए एक बार फिर नरेंद्र मोदी को बनाना होगा PM

पटना : बिहार की राजधानी पटना से सटे मसौढ़ी में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि पांच सालों तक बिना आराम किये केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने देश की सेवा की है और उसके सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिले हैं. अगर जम्मू कश्मीर से […]
पटना : बिहार की राजधानी पटना से सटे मसौढ़ी में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि पांच सालों तक बिना आराम किये केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने देश की सेवा की है और उसके सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिले हैं. अगर जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाना है तो एक बार फिर नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना होगा.
मंगलवार को स्थानीय गांधी मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने उक्त बातें कही. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी परिवारवाद में फंसी है. 55 सालों में उसने जो काम नहीं किया केंद्र की मोदी सरकार ने पांच सालों में कर दिखाया है. उन्होंने नरेंद्र मोदी सरकार के विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि इस अवधि में केंद्र सरकार ने सात करोड़ गरीब महिलाओं को उज्जवला योजना के तहत मुक्त में गैस कनेक्शन दिया. वहीं आठ करोड़ शौचालय का निर्माण कर महिलाओं को सम्मान दिया. ढाई करोड़ लोगों के घरों में बिजली के कनेक्शन देकर उनके घरों को रोशन किया.
अमित शाह ने कहा, देश के 50 करोड़ गरीब लोगों को आयुष्मान भारत के तहत पांच लाख तक की मुफ्त में इलाज की सुविधा देने के प्रति कृत संकल्प है और इसकी शुरुआत भी कर दी गयी है, जो गरीब पैसे के अभाव में गंभीर बीमारियों का इलाज कराने में असमर्थ थे वे इसका लाभ उठाने लगे हैं. उन्होंने कहा कि पुलवामा में आतंकी हमले के बाद नरेंद्र मोदी सरकार ने पाकिस्तान के बालाकोट में एयर स्ट्राइक कर दुनिया में अमेरिका और इजरायल के बाद तीसरा देश बन गया, लेकिन यहां कुछ ऐसे भी लोग है जिन्हें यह अच्छा नहीं लगा और वे मायूस हो गये.
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि पाटलिपुत्र संसदीय क्षेत्र से पार्टी के सांसद सह प्रत्याशी रामकृपाल यादव अपने क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा प्रयासरत रहे हैं. उन्होंने तारेगना रेलवे गुमटी पर आरओबी के निर्माण के लिए काम किया है, जबकि यहां के 28 हजार लोगों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना का निर्माण उनके प्रयास से कराया है. पांच लाख 93 हजार गरीबों के लिए शौचालय का निर्माण कराया है.
उन्होंने कहा, बिहटा में आइआइटी के निर्माण में इनकी महती भूमिका रही है. बिहटा में ही नये एयरपोर्ट निर्माण की स्वीकृति दिलाने में रामकृपाल यादव की ही भूमिका अहम रही है. इसी तरह उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र फुलवारी और मनेर समेत अन्य क्षेत्रों में भी कई विकास योजनाओं को क्रियान्वित किया है. उन्होंने लोगों से अपील की कि इस बार फिर कमल का बटन दबाकर यहां से रामकृपाल यादव को सांसद बनाएं, ताकि केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार बन सके, साथ ही रामकृपाल यादव को इस बार और बड़ी जिम्मेवारी दी जा सके.
सभा को सांसद सह प्रत्याशी रामकृपाल यादव समेत एनडीए के कई नेताओं ने संबोधित किया. मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय, पूर्व विधायक धर्मेंद्र प्रसाद, अनिल कुमार, उषा विद्यार्थी, रामजनम शर्मा, संजय केसरी, राकेश कुमार, सुशील कुमार, समेत अन्य लोग मौजूद थे .
चुनावी सभा के बाद रामकृपाल ने किया रोड शो
मसौढ़ी. केंद्रीय मंत्री सह पाटलीपुत्र संसदीय क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी रामकृपाल यादव ने गांधी मैदान में चुनावी सभा के बाद रोड शो किया. उक्त रोड शो स्थानीय गांधी मैदान से शुरू होकर नगर की मुख्य सड़कों से होकर प्रखंड कार्यालय तक गया. रोड शो में शामिल एनडीए कार्यकर्ता रामकृपाल यादव के पक्ष में नारेबाजी कर रहे थे.
मोदी-मोदी के नारों से गूंज उठी चुनावी सभा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के मंगलवार की शाम गांधी मैदान में पहुंचते ही मोदी-मोदी के नारों से गूंज उठा. सभा में मौजूद अतिम शाह के हर सवाल के जवाब पर वहां उपस्थित लोग मोदी-मोदी के नारे लगाने लगते थे.
पुनपुन में चुनावी कार्यालय का किया उद्घाटन
पाटलिपुत्र संसदीय क्षेत्र के फुलवारी विधानसभा अंतर्गत पुनपुन बाजार में मंगलवार की दोपहर एनडीए प्रत्याशी रामकृपाल यादव व स्थानीय विद्यालय श्याम रजक ने संयुक्त रूप से चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया. मौके पर मुखिया सतगुरू प्रसाद, भाजपा नेता नीरज गुप्ता, सिंटू कुमार, जदयू के नीरज पटेल समेत जदयू भाजपा व लोजपा के नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




