पटना : मोदी को दोबारा पीएम बनाने का उत्साह अभी से दिख रहा : भूपेंद्र यादव
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :25 Feb 2019 6:41 AM (IST)
विज्ञापन

पटना : एनडीए के तीन मार्च की रैली की तैयारी को लेकर रविवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में अहम बैठक हुई. बैठक में शामिल बिहार भाजपा के प्रभारी भूपेंद्र यादव ने कहा कि लोगों में नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने को लेकर उत्साह अभी से दिख रहा है. […]
विज्ञापन
पटना : एनडीए के तीन मार्च की रैली की तैयारी को लेकर रविवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में अहम बैठक हुई. बैठक में शामिल बिहार भाजपा के प्रभारी भूपेंद्र यादव ने कहा कि लोगों में नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने को लेकर उत्साह अभी से दिख रहा है.
भाजपा कार्यालय में देर शाम तक चली बैठक में जदयू के राष्ट्रीय महासिचव आरसीपी सिंह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय, पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव और लोजपा के सत्यानंद शर्मा आदि नेता शामिल हुए.
रैली में लोगों के आने-जाने, ठहरने, खाने, यातायात, पार्किंग, आवास, स्वच्छता, पेयजल समेत तमाम बंदोबस्त की जानकारी ली गयी. ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों को लाने के लिए इसकी तैयारियों पर बात की गयी. तीनों दलों ने आपस में बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर भी बात की. भूपेंद्र यादव और प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने रैली के लिए सभी लोगों को निमंत्रण दिया. उन्होंने कहा कि इस रैली का रिकॉर्ड अन्य सभी रैलियों के रिकॉर्ड को तोड़ देगा.
बैठक में भाजपा के नागेंद्रजी, उपाध्यक्ष देवेश कुमार, सम्राट चौधरी, जदयू एमएलसी संजय गांधी, लोजपा के सत्यानंद शर्मा, जदयू नेता चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, नवीन आर्या, रवींद्र सिंह, अमृता भूषण, रूप नारायण मेहता, एमएलए संजीव चौरसिया, प्रवक्ता निखिल आनंद, राकेश सिंह, राजीव रंजन, प्रवीण राय, अरविंद ठाकुर आिद मौजूद थे.
कांग्रेस ने पिछड़े व अतिपिछड़े समाज को बरगलाया : इधर, भूपेंद्र यादव ने मुजफ्फरपुर में कहा कि कांग्रेस ने 70 साल तक पिछड़े व अतिपिछड़े समाज को बरगलाने का काम किया है. आरक्षण की रिपोर्ट को भी दबाकर रखा. उसी कांग्रेस की हिमायत राजद कर रहा है. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि लोकतंत्र शहजादे से नहीं चलता है. गरीबी में जीवन बिताने वाला ही उनका दर्द समझेगा. वे अब घूम-घूम कर गोत्र बता रहे हैं.पूर्व केंद्रीय मंत्री कैप्टन निषाद की चर्चा करते हुए कहा कि उन्होंने आजीवन निषाद समाज को जगाने का काम किया.
जदयू ने भी संकल्प रैली के लिए लगायी ताकत
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि संकल्प रैली विपक्ष को एनडीए की ताकत का एहसास करायेगा. राष्ट्रीय महासचिव सांसद आरसीपी सिंह ने आह्वान किया कि छात्र जदयू पार्टी की ताकत है, इसलिए छात्र जदयू के कार्यकर्ताओं को रैली में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए कहा जा रहा है.
छात्र जदयू प्रभारी सह कोषाध्यक्ष एमएलसी प्रो. रणवीर नंदन ने कहा कि संकल्प रैली में राज्य भर से 20 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल होंगे. इसे लेकर रविवार को छात्र जदयू की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हुई.
बुधवार से कैंप करेंगे पासवान : लोजपा रैली को लेकर पेंटिग, पोस्टर, झंडा, बैनर, होर्डिंग और तोरणद्वार के जरिये प्रचार–प्रसार में लगी है. इसकी तैयारी की मॉनीटरिंग के लिए पार्टी प्रमुख रामविलास पासवान, सांसद चिराग पासवान बुधवार को पटना पहुंच जायेंगे. प्रदेश अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस, सांसद रामचंद्र पासवान, राष्ट्रीय महासचिव डाॅ सत्यानंद शर्मा ने विभिन्न प्रकोष्ठों के साथ बैठक कर सभी को भीड़ जुटाने का लक्ष्य दिया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










