उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, सीट शेयरिंग पर अब सिर्फ पीएम मोदी से करूंगा बात, सृजन घोटाले को लेकर सुशील मोदी को घेरा
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :19 Nov 2018 6:46 AM (IST)
विज्ञापन

4-5 को पार्टी की बैठक के बाद अंतिम घोषणा : उपेंद्र नयी दिल्ली : रालोसपा प्रमुख और केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से आगामी लोकसभा चुनावों के लिए 2014 के लोकसभा चुनाव से अधिक सीटों की मांग करते हुए साफ कर दिया कि अब वह इस मुद्दे पर भाजपा के राष्ट्रीय […]
विज्ञापन
4-5 को पार्टी की बैठक के बाद अंतिम घोषणा : उपेंद्र
नयी दिल्ली : रालोसपा प्रमुख और केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से आगामी लोकसभा चुनावों के लिए 2014 के लोकसभा चुनाव से अधिक सीटों की मांग करते हुए साफ कर दिया कि अब वह इस मुद्दे पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के बजाय सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करेंगे.
2019 के लोकसभा चुनाव के संदर्भ में सीटों के बंटवारे पर बात बनती न देख कुशवाहा ने भाजपा पर दबाव बनाते हुए कहा कि अब प्रधानमंत्री मोदी के अलावा इस मुद्दे पर किसी दूसरे नेता से बातचीत की पहल नहीं की जायेगी. हमें उम्मीद है कि भाजपा के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर सकारात्मक परिणाम सामने आयेगा. हमने 30 नवंबर तक का समय तय किया है.
इस बात पर क्षोभ प्रकट किया कि उन्होंने इस विषय पर भाजपा अध्यक्ष से बातचीत का प्रयास किया, लेकिन उन्हें समय नहीं मिला. कुशवाहा ने कहा कि रालोसपा की राष्ट्रीय व प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक 4-5 दिसंबर को बिहार के बाल्मिकीनगर में होगी, जिसमें अंतिम घोषणा की जायेगी.
सृजन घोटाले को लेकर सुशील मोदी को घेरा
यह पूछे जाने पर कि वह कितनी सीटों की मांग कर रहे हैं, कुशवाहा ने कहा कि जब तक बातचीत पूरी नहीं होती, तब तक वह संख्या सार्वजनिक नहीं करेंगे. बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के बयान एवं ट्वीट को लेकर कुशवाहा ने भाजपा नेता पर पलटवार करते हुए सृजन घोटाले को लेकर सवाल पूछा.
कुशवाहा ने ट्वीट किया कि महोदय, बिल्कुल सच कहा आपने, हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने तो देश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने की हर संभव कोशिश की. मगर, जरा, सृजन घोटाले पर भी तो कुछ बोलिए. इससे पहले सुशील कुमार मोदी ने अपने ट्वीट में कहा था कि पीएम मोदी की विश्वसनीयता और गरीबों, दलितों-पिछड़ों-अतिपिछड़ों के विकास में उनकी गहरी दिलचस्पी को देख कर 2014 में जनता ने राजग पर भरोसा जताया. सभी घटक दलों ने मिल कर देश को भ्रष्टाचार मुक्त सरकार दी, लेकिन कुछ लोगों को अपने बारे में गलतफहमी हो गयी है.
उन्होंने कहा कि वे लोग लगातार गठबंधन धर्म के विपरीत आचरण कर रहे हैं. राजग का शीर्ष नेतृत्व किसी के दबाव में नहीं आयेगा बल्कि बिहार की जमीनी हकीकत के आधार पर सीटों का सम्मानजनक बंटवारा करेगा. हम सभी 40 सीटों पर जीतेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




