बेऊर जेल में बंदियों का ‘सिस्टम’ बेनकाब! गैस चूल्हा, अवैध वसूली और निजी मेस के खुलासे के बाद अधीक्षक सस्पेंड

Author Vikas Jha
Updated:
विज्ञापन

Beur Central Jail

Patna Beur Jail: पटना के आदर्श केंद्रीय कारा बेऊर में औचक निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद अधीक्षक नीरज कुमार झा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. जांच में अवैध गैस चूल्हा, मनमानी वसूली और नियमों की अनदेखी के आरोप मिले हैं.

विज्ञापन

Patna Beur Jail: पटना स्थित आदर्श केंद्रीय कारा बेऊर में सामने आई गंभीर अनियमितताओं के मामले में बिहार सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है. कारा एवं सुधार सेवाएं विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार जेल अधीक्षक नीरज कुमार झा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. सरकार ने उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही चलाने का भी फैसला लिया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

निरीक्षण में सामने आईं कई गंभीर खामियां

सरकारी आदेश में कहा गया है कि 20 जून को हुए औचक निरीक्षण और छापेमारी के दौरान जेल परिसर में कई गंभीर गड़बड़ियां पाई गईं. जांच टीम को वार्डों में अवैध रूप से गैस चूल्हा और हीटर का इस्तेमाल करते हुए बंदी मिले. इसके अलावा जेल कैंटीन में निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर सामान बेचने और बंदियों से अवैध वसूली के आरोप भी सामने आए.

भोजन व्यवस्था और सुरक्षा पर भी उठे सवाल

जांच रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि बंदियों को तय मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा था. कई बंदी निजी मेस संचालित कर रहे थे. वहीं उच्च सुरक्षा कक्ष में युवा बंदियों को कुख्यात और उम्रदराज बंदियों के साथ रखने जैसी गंभीर लापरवाही भी सामने आई, जिससे उनके मानसिक और शारीरिक शोषण की आशंका जताई गई.

बेऊर जेल अधीक्षक के निलंबन के संबंध जारी पत्र।

Beur Jail News: जांच में सहयोग नहीं करने का आरोप

आदेश के मुताबिक निरीक्षण के दौरान जेल प्रशासन की ओर से जांच टीम को अपेक्षित सहयोग नहीं मिला. इतना ही नहीं, अधीक्षक नीरज कुमार झा (Neeraj Kumar Jha) पर जांच प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करने और प्रतिरोध खड़ा करने का भी आरोप लगाया गया है. सरकार ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता, कर्तव्यहीनता और प्रशासनिक विफलता माना है.

भागलपुर होगा निलंबन अवधि का मुख्यालय

बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के तहत नीरज कुमार झा को निलंबित किया गया है. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विशेष केंद्रीय कारा, भागलपुर निर्धारित किया गया है. साथ ही उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा.

राजीव कुमार को मिला अतिरिक्त प्रभार

सरकार ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत सहायक कारा महानिरीक्षक (क्षेत्र) राजीव कुमार को आदर्श केंद्रीय कारा, बेऊर के अधीक्षक का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है. विभाग का कहना है कि जेल प्रशासन में पारदर्शिता और व्यवस्था बहाल करने के लिए आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.

Also Read: खान ग्लोबल समेत 106 कोचिंग संस्थानों पर अग्निशमन विभाग का शिकंजा, थमाया नोटिस

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन