पटना में IPS की पत्नी ने फिनाइल पीकर आत्महत्या करने की कोशिश, ड्राइवर ने पुलिस गाड़ी से IGIMS पहुंचाया; अब निजी अस्पताल में चल रहा इलाज
सांकेतिक तस्वीर
पटना से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक वरिष्ठ IPS अधिकारी की पत्नी ने फिनाइल पीकर आत्महत्या का प्रयास किया. पारिवारिक कलह के चलते उठाए इस कदम के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
IPS Wife Attempt Suicide : पटना में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के परिवार से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है. IPS की पत्नी ने एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित आवास में फिनाइल पीकर आत्महत्या की कोशिश की. घटना के समय अधिकारी घर पर मौजूद नहीं थे. महिला की हालत बिगड़ने के बाद आवास पर मौजूद पुलिस वाहन के चालक ने उन्हें तत्काल आईजीआईएमएस पहुंचाया. वहां प्राथमिक इलाज के बाद परिजन उन्हें दानापुर-सगुना मोड़ स्थित निजी अस्पताल लेकर गए, जहां उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. उनके पति पूर्व में पटना सिटी एसपी रह चुके हैं.
आपके शहर में
पारिवारिक विवाद के कारण IPS की पत्नी ने उठाया आत्महत्या कदम
जानकारी के अनुसार एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के आवास में महिला ने पारिवारिक विवाद से परेशान होकर फिनाइल पी लिया. अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, उन्हें गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था. मामला वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के परिवार से जुड़ा होने के कारण पुलिस के अधिकारी इस संबंध में कैमरे के सामने बयान देने से फिलहाल बच रहे हैं.
ड्राइवर ने पुलिस वाहन से पहुंचाया अस्पताल
फिनाइल पीने के बाद महिला की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी. इसके बाद आवास पर तैनात पुलिस वाहन का चालक उन्हें लेकर तुरंत अस्पताल पहुंचा.
- सबसे पहले महिला को आईजीआईएमएस की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया.
- डॉक्टरों ने तत्काल इलाज शुरू कर उनकी हालत संभालने की कोशिश की.
- करीब दो घंटे तक आईजीआईएमएस में उपचार चलने के बाद परिजन उन्हें दानापुर-सगुना मोड़ के एक निजी अस्पताल ले गए.
- फिलहाल महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन अस्पताल की ओर से कोई मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है.
पहले भी कर चुकी हैं आत्महत्या की कोशिश
जानकारी के अनुसार, आईपीएस अधिकारी और उनकी पत्नी के बीच पिछले कुछ वर्षों से पारिवारिक विवाद चल रहा है. बताया जा रहा है कि महिला ने इससे पहले भी आत्महत्या की कोशिश की थी. यह दूसरी बार है जब उन्होंने कथित तौर पर ऐसा कदम उठाया है. हालांकि, इस बार उन्होंने किन परिस्थितियों में फिनाइल पीया, इसकी आधिकारिक वजह अभी सामने नहीं आई है.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की जानकारी अस्पताल प्रशासन की ओर से स्थानीय पुलिस को दे दी गई है. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस परिवार के सदस्यों और घटना से जुड़े अन्य लोगों से जानकारी ले रही है, ताकि महिला के इस कदम के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए