पटना : झाड़ियों में चल रही थी अवैध मिनी गन फैक्ट्री, छापेमारी के दौरान हथियारों का जखीरा बरामद
छापेमारी के दौरान बरामद हथियार
पटना में गंगा नदी के एक टापू पर चल रही अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. छापेमारी के दौरान हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले सैकड़ों औजार और अर्धनिर्मित सामान बरामद हुए हैं. पुलिस ने मौके से हथियार बना रहे लोगों के भागने की भी सूचना दी है.
पटना से एसके सिंह की रिपोर्ट
आपके शहर में
Patna Crime News : राजधानी पटना के फतुहा नदी थाना पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाये जा रहे विशेष अभियान के दौरान मौनिया घाट के पास बड़ी कार्रवाई की है. गंगा नदी में बने टापूनुमा भू-भाग की झाड़ियों में छापेमारी कर पुलिस ने देसी कट्टा बनाने में इस्तेमाल होने वाले भारी मात्रा में अर्धनिर्मित सामान और औजार बरामद किये हैं. पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद तीन-चार लोग नाव के सहारे फरार हो गये.
सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि मौनिया घाट के सामने गंगा नदी में बने टापूनुमा भू-भाग की झाड़ियों में कुछ लोग अवैध हथियारों का निर्माण कर रहे हैं. तैयार हथियारों को बाहर ले जाकर बेचने की भी सूचना थी. सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने 26 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे वहां छापेमारी की.
नाव से भागे तीन-चार संदिग्ध युवक
पुलिस टीम को अपनी ओर आते देख झाड़ियों के पास मौजूद तीन-चार लोग नाव लेकर भागने लगे. पुलिस ने नाव से उनका पीछा किया, लेकिन सभी भागने में सफल रहे. इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार झाड़ियों की तलाशी ली. तलाशी के दौरान हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कई सामान और औजार बरामद किये गये.
बैरल, बॉडी, ट्रिगर और हैमर बरामद
पुलिस ने देसी कट्टा बनाने में इस्तेमाल होने वाला लोहे का अर्धनिर्मित बैरल, बॉडी, ट्रिगर गार्ड, ट्रिगर और हैमर के छह-छह पीस बरामद किये. इसके अलावा लकड़ी के बट, रेती, लोहे काटने की आरी के ब्लेड, छेनी, हैंड ब्रेस्ट ड्रिल मशीन, ड्रिल बिट, विभिन्न आकार के रिंच, आर्थिंग पाइप, गोल फाइल रॉड, लोहे के टुकड़े, स्क्रू, नट-बोल्ट, स्प्रिंग और टेप रिंच समेत कई उपकरण मिले.
लॉक और बट टॉप के भी छह-छह पीस मिले
मौके से लोहे के देसी कट्टा का बना हुआ लॉक के छह पीस और लोहे के बट टॉप के छह पीस भी बरामद किये गये. पुलिस ने सभी सामान को जब्त कर लिया है.
आर्म्स एक्ट में केस दर्ज, आरोपितों की तलाश
मामले में नदी थाना कांड संख्या 347/2026, दिनांक 26 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है. प्राथमिकी आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-AA), 25(1-B), 26/35 के तहत दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है. फरार आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस छानबीन में जुटी है.
छापेमारी टीम में नदी थानाध्यक्ष सद्दाम हुसैन, पुलिस अवर निरीक्षक देवकरण बंटी, पुलिस अवर निरीक्षक जयकिशोर चौधरी समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए