पटना : प्रखंड संसाधन केंद्र से टेट के प्रमाणपत्र गुम

Updated at : 03 Sep 2018 1:30 AM (IST)
विज्ञापन
पटना : प्रखंड संसाधन केंद्र से टेट के प्रमाणपत्र गुम

निगरानी जांच के लिए तलब किये जाने पर प्रमाणपत्र मांग रहे हैं शिक्षक चहेतों को बचाने के लिए साजिश की आशंका जता रहे शिक्षक पटना : टेट का फर्जी टेट अंक प्रमाण पत्र बना कर शिक्षकों की नियुक्ति का मामला प्रकाश में आने के बाद राज्य भर में निगरानी के द्वारा जांच की जा रही […]

विज्ञापन
निगरानी जांच के लिए तलब किये जाने पर प्रमाणपत्र मांग रहे हैं शिक्षक
चहेतों को बचाने के लिए साजिश की आशंका जता रहे शिक्षक
पटना : टेट का फर्जी टेट अंक प्रमाण पत्र बना कर शिक्षकों की नियुक्ति का मामला प्रकाश में आने के बाद राज्य भर में निगरानी के द्वारा जांच की जा रही है. इस क्रम में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) कार्यालय की लापरवाही से भोजपुर जिला के बिहिया प्रखंड स्थित स्कूलों में पढ़ानेवाले करीब 30-32 शिक्षकों की नौकरी खतरे में पड़ गयी है. जांच के लिए शिक्षकों को टेट का मूल अंक पत्र प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है.
इसके मद्देनजर शिक्षक अंक पत्र मांगने के लिए बीईओ कार्यालय गये, तो उन्हें बताया गया कि अंक पत्र गुम हो गया है. उसके बाद से शिक्षक करीब डेढ़ महीने से बीईओ कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं. लेकिन शिक्षकों को राहत दिलाने की दिशा में विभागीय स्तर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गयी है. उल्लेखनीय है कि शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार टेट शिक्षकों के नियोजन के समय ही उनका टेट का मूल अंक प्रमाण पत्र नियोजन इकाई द्वारा जमा ले लिया गया था. उसके बाद प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) में उसे रखा गया था.
2014 की एक लॉट गायब
शिक्षकों के टेट अंक पत्र का एक लॉट ही गायब है. उसमें वर्ष जुलाई 2014 में नियुक्त शिक्षकों के अंक पत्र का एक पूरा लॉट था. बीआरपी बिहारी को रखने के लिए सौंपा गया था. उन्होंने आलमारी में रखी. बीईओ सत्येंद्र कुमार की मानें, तो बिहारी का टेट अंक पत्र भी उसी लॉट में था. श्री कुमार ने पहले तो आलमारी की चाबी अपने पास रखी थी, लेकिन बाद में बिहारी को सौंप दिया था. आलमारी से संबंधित रजिस्टर भी गायब है.
गड़बड़ी की आशंका
अंक पत्र गायब होने के इस मामले को शिक्षक पचा नहीं पा रहे हैं. उन्होंने आशंका जतायी है कि किसी निकट संबंधी या चहेते को बचाने के लिए अंक पत्र को गायब कर दिया गया है. ऐसे में मामले की गहन जांच व दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए. पूर्व में भी डीएलएड में नामांकन के लिए टेट अंक पत्र की मांग की गयी थी, तब भी अंक पत्र गुम होने की बात कही गयी थी. विभागीय स्तर से लिखित दिये जाने के बाद नामांकन हुआ.
निलंबन व बर्खास्तगी के भय से शिक्षक आक्रांत
अंक पत्र गुम होने के कारण शिक्षकों में नौकरी व कार्रवाई को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है. उनका मानना है कि निगरानी को सही समय पर कागजात नहीं सौंपा जा सका, तो उन्हें निलंबन और बर्खास्त भी होना पड़ सकता है. बताया जा रहा है कि यह मामला प्रकाश में आने के बाद पंचायतों से बहाल शिक्षक जब अपने पंचायत स्तरीय नियोजन इकाई के पास गये तो पता चला कि वहां भी कुछ शिक्षकों का टेट मूल अंक प्रमाण पत्र गायब है.
उच्चस्तरीय कमेटी का गठन कर हो जांच
मामले की जांच की जाये, तो यह मामला केवल एक प्रखंड व कुछ पंचायतों तक ही सीमित नहीं रहेगा. आने वाले दिनों में पूरे बिहार में ऐसे मामले मिलेंगे. संघ के माध्यम से वरीय पदाधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गयी है. अभी भी उचित करवाई की उम्मीद है. लेकिन इतने बड़े मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है.
जय प्रकाश, जिला महासचिव, टीईटी एसटीईटी उत्तीर्ण नियोजित शिक्षक संघ उच्चस्तरीय जांच कमेटी का गठन कर इस मामले की जांच करायी जानी चाहिए. यह मामला लापरवाही तक की सीमित नहीं, बल्कि शिक्षकों व उनके परिजनों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है.
मार्कंडेय पाठक-अश्विनी पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष व प्रवक्ता, टीईटी एसटीईटी उत्तीर्ण नियोजित शिक्षक संघ
जांच हुई है, अब प्राथमिकी दर्ज करायेंगे : बीईओ
जुलाई 2014 में नियुक्त शिक्षकों के टेट अंक पत्र का एक लॉट ही गुम हो गया है. कार्यालय में तीन-चार दिनों तक ढूंढा गया, लेकिन नहीं मिला.
संबंधित रजिस्टर भी गायब है. बीआरपी बिहारी को सभी अंक पत्र रखने को दिया गया था. उनका भी अंक पत्र उस लॉट में था. आशंका जतायी जा रही है कि किसी ने जांच में पकड़े जाने से बचने के लिए पूरा लॉट ही गायब कर दिया है. कुल मिला कर अपने स्तर से मामले की जांच की है. अब जिला शिक्षा पदाधिकारी से मिल कर मामले में प्राथमिकी दर्ज करायी जायेगी.
सत्येंद्र कुमार, बीईओ, बिहिया प्रखंड, भोजपुर
बीईओ व बीडीओ कार्यालय का चक्कर लगा रहे
टेट अंक पत्र मांगने गये तो हमें बताया गया कि वह गुम हो गया है. उसके बाद से अंक पत्र के लिए हम बीईओ व बीडीओ कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं. लेकिन इस में अभी तक कोई सकारात्मक पहल नजर नहीं आयी है. आशंका है कि किसी को बचाने के उद्देश्य से अंक पत्रों का एक लॉट ही गायब कर दिया गया है.
रवि शंकर त्रिपाठी, शिक्षक
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन