ePaper

पटना- रांची के बीच वंदे भारत ट्रेन का 11 जून को हो सकता है ट्रायल, पीएम नरेंद्र मोदी दिखा सकते हैं हरी झंडी

Updated at : 10 Jun 2023 7:37 AM (IST)
विज्ञापन
पटना- रांची के बीच वंदे भारत ट्रेन का 11 जून को हो सकता है ट्रायल,  पीएम नरेंद्र मोदी दिखा सकते हैं हरी झंडी

पटना से रांची के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस अब दौड़ने के लिए तैयार है. कर्मियों की ट्रेनिंग शनिवार तक पूरी कर ली जायेगी. 11 जून को इस ट्रेन का ट्रायल लिया जा सकता है. आठ रैक के साथ चलने वाली इस ट्रेन को पीएम नरेंद्र मोदी हरी झंडी दिखा सकते हैं.

विज्ञापन

पटना से रांची के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत की सारी आवश्यक तैयारियां लगभग पूरी कर ली गयी हैं. लोको पायलट, टीटीइ, गार्ड व कोच अटेंडेंट आदि रेलवे कर्मियों की ट्रेनिंग शनिवार तक पूरी कर ली जायेगी. उम्मीद जतायी जा रही है कि अगामी 11 जून को पटना में इस ट्रेन का ट्रायल किया जायेगा.

ट्रायल के लिए 11 जून को रवाना होगी ट्रेन

बताया जा रहा है कि इसको लेकर परिचालन विभाग की ओर से एक लेटर भी प्रकाशित हुआ है, जिसमें बताया गया है कि ट्रायल के लिए 11 जून को सुबह 6:55 बजे यह ट्रेन रवाना होगी. 8:20 बजे गया पहुंचेगी जहां 10 मिनट के ठहराव के बाद 11:30 बजे बरकाकाना और यहां से 5 मिनट के बाद दोपहर 1 बजे रांची पहुंचेगी. फिर दोपहर 2:20 बजे रांची से पटना के लिए खुलेगी और रात 8:25 बजे वापस पटना जंक्शन पहुंचेगी. यह ट्रेन अधिकतम 160 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलेगी. हालांकि सीपीआरओ ने बताया कि अभी ट्रॉयल की आधिकारिक घोषणा नहीं की गयी है.

वंदे भारत एक्सप्रेस के किराये की औपचारिक घोषणा जल्द

वंदे भारत ट्रेन पूरी तरह से वातानुकूलित है. वर्तमान में इसमें आठ रैक हैं, आगे चलकर इसमें कुल 18 बोगी होने की बात कही जा रही है. वहीं इसके परिचालन के लिए रेलवे ट्रैक को भी दुरुस्त कराया जा रहा है. यह काम अब अंतिम चरण में है.

Also Read: बिहार पुलिस में सिपाही के 21391 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी, 20 जून से कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
ट्रायल के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिखा सकते हैं हरी झंडी

बताया गया है कि अभी कुछ ऐसी ट्रेनें इस रूट पर चल रही हैं, जिनकी औसत रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे रहती है. इनकी तुलना में वंदे भारत ट्रेन अधिकतम 160 किलोमीटर की रफ्तार से चलेगी. सूत्रों की मानें, तो ट्रायल के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखा सकते हैं. हालांकि अभी इसकी औपचारिक घोषणा नहीं की गयी है. रेलवे की ओर से वंदे भारत एक्सप्रेस के लिए अभी किराये की जानकारी नहीं दी गयी है. बताया जा रहा है कि जनशताब्दी में पटना से रांची के बीच का किराया 650 रुपया है, इस ट्रेन में सफर के लिए करीब एक हजार रुपए खर्च करने पड़ सकते हैं.

बोले सीपीआरओ..

वंदे भारत ट्रेन का ट्रायल किस दिन होगा, फिलहाल इसकी लिखित में तारीख की घोषणा नहीं की गयी है. लेकिन जल्द ही इसका ट्रायल किया जायेगा. अभी किराया भी तय नहीं किया गया है. वहीं भारतीय रेलवे से सिग्नल मिलते ही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत हो जायेगी.

वीरेंद्र कुमार, सीपीआरओ, पूमर

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन