ePaper

Patna News: नए साल में जाम से मिलेगी मुक्ति! कदमकुआं मॉडल पर बनेंगे 26 हाईटेक वेंडिंग जोन

Updated at : 01 Jan 2026 10:17 AM (IST)
विज्ञापन
Hi-tech-Vending-Zone-01-01-2026

AI जनरेटेड इमेज प्रतीकात्मक तस्वीर

Patna News: अब सड़कों पर बिखरे ठेले नहीं, ट्रैफिक जाम नहीं और वेंडरों को बेदखली का डर भी नहीं. 2026 में पटना की सड़कें 'स्मार्ट' और 'क्लियर' होने जा रही हैं,नए साल में पटना की सड़कों की तस्वीर बदलने की तैयारी है.

विज्ञापन

Patna News: नए साल 2026 की शुरुआत के साथ ही पटना के लोगों को ट्रैफिक जाम और अव्यवस्थित स्ट्रीट वेंडरों की समस्या से बड़ी राहत मिलने वाली है. पटना नगर निगम ने राजधानी में 26 नए वेंडिंग जोन विकसित करने का फैसला किया है.

इन जोनों का निर्माण कदमकुआं वेंडिंग जोन के सफल मॉडल पर किया जाएगा, जिसे निगम ने अतिक्रमण हटाने और यातायात सुधार की दिशा में एक प्रभावी प्रयोग माना है.

कदमकुआं मॉडल बना मिसाल, अब पूरे शहर में होगा लागू

पटना नगर निगम के अनुसार, 2025 में विकसित किया गया कदमकुआं वेंडिंग जोन मॉडल पूरी तरह सफल रहा है. इस मॉडल के तहत सड़क किनारे सब्जी और अन्य सामान बेचने वाले दुकानदारों को एक व्यवस्थित वेंडिंग जोन में शिफ्ट किया गया.

इसके बाद इलाके से अतिक्रमण लगभग समाप्त हो गया और ट्रैफिक व्यवस्था भी पहले की तुलना में काफी सुचारू हो गई. इसी अनुभव को आधार बनाकर नगर निगम अब पूरे शहर में इसी तरह के वेंडिंग जोन विकसित करने जा रहा है.

चार अंचलों में तय हुए वेंडिंग जोन, पाटलिपुत्र को सबसे ज्यादा

नगर निगम ने नूतन राजधानी, पाटलिपुत्र, कंकड़बाग और बांकीपुर अंचलों में प्रस्तावित वेंडिंग जोनों की संख्या तय कर दी है. इनमें सबसे अधिक 10 वेंडिंग जोन पाटलिपुत्र अंचल में बनाए जाएंगे. नूतन राजधानी अंचल में सात, कंकड़बाग अंचल में पांच और बांकीपुर अंचल में चार वेंडिंग जोन प्रस्तावित हैं. सभी वेंडिंग जोन जी+1 भवन के रूप में विकसित किए जाएंगे, ताकि सीमित स्थान में अधिक से अधिक वेंडरों को समायोजित किया जा सके.

पटना शहर में इस समय 23,803 स्ट्रीट वेंडर पंजीकृत हैं. नगर निगम की योजना है कि इन सभी वेंडरों को चरणबद्ध तरीके से स्थायी और सुविधाजनक वेंडिंग जोनों में शिफ्ट किया जाए. इससे न केवल वेंडरों को कानूनी और सुरक्षित कार्यस्थल मिलेगा, बल्कि आम नागरिकों को भी सड़कों पर सुगम आवाजाही की सुविधा होगी.

नगर आयुक्त ने किया स्थल निरीक्षण

बुधवार को नगर आयुक्त और अपर नगर आयुक्त सहित संबंधित अंचलों के कार्यपालक पदाधिकारियों ने प्रस्तावित वेंडिंग जोनों के स्थलों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान स्थान की उपयुक्तता, ट्रैफिक की सुगमता और स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. अधिकारियों का कहना है कि इन वेंडिंग जोनों से स्ट्रीट वेंडरों को वैधानिक पहचान और सम्मानजनक आजीविका का अवसर मिलेगा.

शहर में पहले से मौजूद हैं 14 वेंडिंग जोन और शेल्टर

वर्तमान में पटना शहर में 14 वेंडिंग जोन और वेंडिंग शेल्टर मौजूद हैं. नूतन राजधानी अंचल में बेऊर मोड़, गर्दनीबाग रोड नंबर-1 और अंटाघाट, जबकि बांकीपुर अंचल में कदमकुआं हिंदी साहित्य सम्मेलन के पास जी+2 वेंडिंग जोन समेत कई स्थानों पर शेल्टर बनाए गए हैं. अजीमाबाद अंचल के बिस्कोमान गोलंबर के पास भी वेंडिंग शेल्टर कार्यरत हैं.

नए वेंडिंग जोन बनने के बाद राजधानी की सड़कें और अधिक व्यवस्थित नजर आने की उम्मीद है.

Also Read: साल के आखिरी दिन 26 आईपीएस अधिकारियों को पदोन्नति मिली लेकिन पोस्टिंग नहीं बदली

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन