नशा मुक्त बिहार के संदेश के साथ 15 मार्च को दौड़ेगा पटना, पीवी सिंधु होंगी मुख्य अतिथि

सांकेतिक तस्वीर
Patna News: 15 मार्च को पटना की सड़कें सिर्फ दौड़ का मैदान नहीं, बल्कि एक सामाजिक क्रांति का केंद्र बनेंगी. 'नशा मुक्त बिहार' की थीम पर आयोजित होने वाले 'पटना मैराथन' में इस बार न केवल देश के कोने-कोने से धावक जुट रहे हैं, बल्कि नैरोबी और इथियोपिया जैसे देशों के अंतरराष्ट्रीय एथलीट भी अपनी रफ्तार का जलवा दिखाएंगे.
Patna News: बिहार की राजधानी पटना एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन का गवाह बनने जा रही है. बिहार सरकार के मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग और भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से 15 मार्च को ‘नशा मुक्त बिहार’ थीम पर पटना मैराथन का आयोजन किया जाएगा.
इस मैराथन में लगभग 10 हजार से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने का अनुमान है, जबकि नैरोबी और इथियोपिया सहित कई देशों के विदेशी धावक भी इसमें भाग लेंगे.
ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु होंगी मुख्य अतिथि
आयुक्त कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रमंडलीय आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर ने बताया कि इस मैराथन का उद्देश्य सिर्फ खेल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि समाज में नशा मुक्त बिहार के प्रति जागरूकता फैलाना भी है.
इस बार का मैराथन सिर्फ खिलाड़ियों तक सीमित नहीं है. विश्व प्रसिद्ध बैडमिंटन खिलाड़ी और ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु मुख्य अतिथि के तौर पर प्रतिभागियों का हौसला अफजाई करने पटना आ रही हैं.
गंगा पथ और अटल पथ पर दिखेगा ‘रिवरफ्रंट’ का जादू
धावकों के लिए इस बार का ट्रैक बेहद खास बनाया गया है. मैराथन की शुरुआत ऐतिहासिक गांधी मैदान से होगी, जिसके बाद खिलाड़ी पटना के मरीन ड्राइव यानी ‘गंगा पथ’ और आधुनिक ‘अटल पथ’ की खूबसूरती के बीच दौड़ लगाएंगे.
प्रतिभागियों को चार अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है: फुल मैराथन (42.195 किमी), हाफ मैराथन (21.097 किमी), और 10 व 5 किलोमीटर की दौड़. हर उम्र के लोगों के लिए खुले इस इवेंट का समापन भी गांधी मैदान में ही होगा.
14 मार्च की रात से बदल जाएगा रूट
मैराथन को सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए 14 मार्च की रात 11 बजे से लेकर 15 मार्च की सुबह 10 बजे तक संबंधित मार्गों पर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा. प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं ताकि धावकों को कोई परेशानी न हो और शहर की कानून-व्यवस्था बनी रहे.
Also Read: बिहार में जमीन से जुड़े काम अब होंगे हाईटेक, हर जिले में बनेगा AI सेल, 1 अप्रैल से नई व्यवस्था
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




