जेपी गंगा पथ बनेगा नया टूरिस्ट हब, 7 KM लंबा गार्डन, बटरफ्लाई पार्क से साइकिल ट्रैक तक का प्लान

जेपी गंगा पथ
Patna News: पटना में लोगों के पास घूमने-फिरने के लिए सीमित विकल्प रहे हैं, खासकर खुले और हरियाली वाले स्पेस की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी. शहर की भागदौड़ और प्रदूषण के बीच सुकून भरी जगह की जरूरत लगातार बढ़ रही थी. अब जेपी गंगा पथ पर 7 किलोमीटर लंबा भव्य उद्यान बनने जा रहा है, जो पटना की तस्वीर बदल देगा.
Patna News: पटना की लाइफलाइन बन चुके मरीन ड्राइव का स्वरूप अब पूरी तरह बदलने वाला है. गंगा की लहरों के किनारे अब सिर्फ गाड़ियां ही नहीं दौड़ेंगी, बल्कि लोगों को विश्वस्तरीय सैर-सपाटे का अनुभव भी मिलेगा.
सरकार ने दीघा से लेकर सभ्यता द्वार तक करीब 7 किलोमीटर लंबे इलाके को एक भव्य ‘समग्र पार्क’ के रूप में विकसित करने का मास्टर प्लान तैयार किया है, जिसका काम अब जमीन पर दिखने लगा है.
आखिर क्यों खास होने वाला है प्रोजेक्ट?
330 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से बनने वाले इस पार्क में प्रकृति और आधुनिकता का बेजोड़ संगम दिखेगा. यहां न केवल हरियाली होगी, बल्कि बटरफ्लाई पार्क, बोटेनिकल गार्डन और ओपन जिम जैसी सुविधाएं भी होंगी.
मिट्टी भराई का काम युद्धस्तर पर शुरू हो चुका है और अगले दो सालों में यह क्षेत्र पर्यटकों के लिए पूरी तरह तैयार हो जाएगा. दीघा से सभ्यता द्वार तक करीब 7 किलोमीटर लंबा समग्र पार्क विकसित किया जाएगा. यह प्रोजेक्ट पटना के रिवरफ्रंट को नया रूप देगा और इसे एक बड़े पर्यटन केंद्र में बदल देगा
लगेंगे एक लाख से अधिक पौधे
इस 7 किलोमीटर लंबे स्ट्रेच में अलग-अलग प्रजातियों के एक लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे. लगभग 50 हेक्टेयर के इस हरित क्षेत्र में 8 हेक्टेयर का हिस्सा विशेष रूप से वनस्पति पार्क के लिए आरक्षित होगा.
सुबह की सैर करने वालों के लिए 7 किलोमीटर लंबा वॉकिंग ट्रैक और साइकिल प्रेमियों के लिए अलग से साइकिल ट्रैक बनाया जा रहा है, जो फिटनेस के साथ-साथ सुकून भरे पल भी देगा.
महिलाओं के लिए ‘हाट’
इस प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत यहां बनने वाला ‘महिला हाट’ है. यह विशेष बाजार महिला उद्यमियों के लिए होगा, जहां वे अपने हस्तशिल्प, पारंपरिक कला, पेंटिंग और घरेलू उत्पादों को बेच सकेंगी. इससे न केवल बिहार की कला को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि महिला सशक्तिकरण को भी नई दिशा मिलेगी.
साथ ही, यहां आने वाले लोगों को पार्किंग की समस्या न हो, इसके लिए 4 हजार कारों और 13 हजार दोपहिया वाहनों की विशाल पार्किंग क्षमता विकसित की जा रही है.
पर्यटन का नया केंद्र बनेगा जेपी गंगा पथ
बिहार राज्य पथ विकास निगम की इस पहल से जेपी गंगा पथ अब केवल एक सड़क नहीं, बल्कि एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का ‘टूरिस्ट हब’ बनकर उभरेगा. टहलने के बाद लोग बेंचों पर बैठकर गंगा की ठंडी हवाओं का आनंद ले सकेंगे और आकर्षक कलाकृतियों के साथ सेल्फी ले सकेंगे. सभ्यता द्वार के पास बनने वाला बटरफ्लाई पार्क बच्चों के आकर्षण का मुख्य केंद्र होगा.
Also Read: पटना के दीघा में गोलंबर का 3 गुना बढ़ेगा दायरा, लोगों को मिलेगा ये फायदा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




