पटना मेट्रो कॉरिडोर-2 को मिली रेलवे से NOC, मोइनुल हक स्टेडियम से राजेंद्र नगर टर्मिनल तक टनल खुदाई शुरू

सांकेतिक तस्वीर
Patna Metro : पटना मेट्रो परियोजना ने रेलवे की एनओसी की बाधा दूर कर ली है, रेलवे से हरी झंडी मिलने के बाद मशीनों की आवाज फिर गूंजने लगी है. पटना मेट्रो के कॉरिडोर-2 में टनल बोरिंग मशीनों (TBM) ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है.
Patna Metro : पटना मेट्रो के कॉरिडोर-2 में मोइनुल हक स्टेडियम से राजेंद्र नगर टर्मिनल के बीच सुरंग की खुदाई दोबारा शुरू कर दी गई है. रेलवे से एनओसी मिलने के बाद पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने टनल बोरिंग मशीन के जरिए काम फिर तेज कर दिया है.
दरअसल, रेलवे ट्रैक और राजेंद्र नगर टर्मिनल के नीचे से सुरंग गुजरने की वजह से दिसंबर 2025 में यह काम रोक दिया गया था. अब अनुमति मिलने के बाद मेट्रो परियोजना को फिर गति मिल गई है.
रेलवे की मंजूरी के बाद फिर चली मशीनें
मोइनुल हक स्टेडियम से खुदाई का काम पहले ही शुरू हो गया था, लेकिन राजेंद्र नगर टर्मिनल के पास रेलवे लाइन के नीचे सुरंग बनाने के लिए रेलवे की अनुमति जरूरी थी. एनओसी नहीं मिलने के कारण टनल निर्माण दिसंबर 2025 से रुका हुआ था. अब रेलवे ने तकनीकी मंथन के बाद अनुमति दे दी है, जिसके बाद टनल बोरिंग मशीनों ने फिर से खुदाई शुरू कर दी है.
मेट्रो प्रोजेक्ट के तहत मोइनुल हक स्टेडियम से राजेंद्र नगर टर्मिनल होते हुए मलाही पकड़ी स्टेशन से पहले तक करीब 1800 मीटर लंबी सुरंग तैयार की जानी है. इसमें मोइनुल हक स्टेडियम से राजेंद्र नगर टर्मिनल तक लगभग 705 मीटर का हिस्सा शामिल है. इस सेक्शन में दो टनल बोरिंग मशीनों की मदद से खुदाई की जा रही है. पहले चरण में मशीनों ने आंशिक खुदाई की थी, लेकिन एनओसी नहीं मिलने के कारण काम रोकना पड़ा था.
रेलवे ट्रैक और टर्मिनल के नीचे से गुजरेगी मेट्रो
यह सुरंग पटना-हावड़ा मेन लाइन के नीचे से गुजरते हुए राजेंद्र नगर टर्मिनल के नीचे से निकलेगी और आगे कंकड़बाग ओल्ड बाइपास के नीचे बन रहे राजेंद्र नगर मेट्रो स्टेशन तक पहुंचेगी.
यही वजह थी कि रेलवे को यह सुनिश्चित करना था कि भविष्य में टर्मिनल के विकास पर इसका कोई असर न पड़े. सभी तकनीकी पहलुओं की जांच के बाद ही रेलवे ने मंजूरी दी.
कॉरिडोर-2 में कई हिस्सों में टनल का काम जारी
पटना मेट्रो कॉरिडोर-2 के अन्य हिस्सों में भी सुरंग निर्माण तेजी से चल रहा है. मोइनुल हक स्टेडियम से पटना विश्वविद्यालय के बीच करीब 1480 मीटर की टनल पहले ही तैयार हो चुकी है. वहीं गांधी मैदान से आकाशवाणी होते हुए पटना जंक्शन तक लगभग 1450 मीटर की सुरंग भी बन चुकी है. प
पटना विश्वविद्यालय से पीएमसीएच होते हुए गांधी मैदान तक 2302 मीटर लंबी सुरंग बनाई जानी है, जिसमें पीएमसीएच तक का हिस्सा लगभग पूरा हो चुका है और बाकी हिस्से में खुदाई का काम जारी है. निर्माण कार्य की गति को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि अगले कुछ महीनों में कॉरिडोर-2 का अंडरग्राउंड हिस्सा पूरी तरह आकार ले लेगा.
Also Read: बिहार में राजस्व विभाग अब AI का करेगा इस्तेमाल, सभी DCLR को दी गई ट्रेनिंग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




