पटना से नवी मुंबई के लिए पहली सीधी उड़ान शुरू, समर शेड्यूल भी लागू

Updated at : 30 Mar 2026 9:35 AM (IST)
विज्ञापन
Patna Airport

सांकेतिक तस्वीर

Patna Airport : पटना एयरपोर्ट से पहली बार नवी मुंबई के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू हो गई है. इंडिगो की इस फ्लाइट ने रविवार को अपनी पहली उड़ान भरी, जिससे यात्रियों को अब मुंबई तक पहुंचने में कम समय और ज्यादा सुविधा मिलेगी. इसके साथ ही पटना एयरपोर्ट पर समर शेड्यूल भी लागू कर दिया गया है, जो 24 अक्तूबर तक प्रभावी रहेगा.

विज्ञापन

Patna Airport : पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पहली बार नवी मुंबई के लिए सीधी विमान सेवा शुरू हो गई है. यह न केवल व्यापारिक दृष्टिकोण से बड़ी खबर है, बल्कि उन हजारों प्रवासियों के लिए भी राहत की बात है जो मुंबई के इस नए हिस्से में रहते हैं.

इसके साथ ही एयरपोर्ट पर नया ‘समर शेड्यूल’ भी प्रभावी हो गया है, जो 24 अक्टूबर तक लागू रहेगा.

पहली फ्लाइट को मिला ‘वाटर सैल्यूट’

नवी मुंबई से आई इंडिगो की फ्लाइट ने जैसे ही पटना एयरपोर्ट पर लैंड किया, उसे पारंपरिक ‘वाटर सैल्यूट’ देकर स्वागत किया गया. इस विमान से 175 यात्री पटना पहुंचे. इसके बाद यही फ्लाइट 172 यात्रियों को लेकर नवी मुंबई के लिए रवाना हो गई. लगभग 2 घंटे 40 मिनट का यह सफर अब यात्रियों के लिए तेज और सुविधाजनक विकल्प बन गया है.

समर शेड्यूल लागू, 24 अक्तूबर तक चलेगा

पटना एयरपोर्ट पर रविवार से समर शेड्यूल भी लागू हो गया है. डीजीसीए की मंजूरी के बाद 48 जोड़ी फ्लाइट्स का संचालन तय किया गया है. इस शेड्यूल के तहत पटना से कई प्रमुख शहरों के लिए सीधी उड़ानें उपलब्ध हैं, हालांकि गुवाहाटी, जयपुर, भोपाल, वाराणसी, देवघर और अयोध्या के लिए अभी भी डायरेक्ट फ्लाइट नहीं है.

पटना से अब दिल्ली, कोलकाता, रांची, नवी मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद, चेन्नई, लखनऊ, चंडीगढ़, पुणे, भुवनेश्वर, मुंबई और हैदराबाद जैसे शहरों के लिए सीधी उड़ानें उपलब्ध हैं. दिल्ली के लिए सुबह 8 बजे एयर इंडिया एक्सप्रेस की पहली फ्लाइट उड़ान भरती है.

74 से 165 तक पहुंचा हवाई अड्डों का आंकड़ा

केंद्रीय मंत्री ने इस अवसर पर भारत के बढ़ते विमानन क्षेत्र की तस्वीर पेश की. उन्होंने बताया कि देश में हवाई अड्डों की संख्या अब दोगुनी से भी ज्यादा होकर 165 तक पहुंच गई है. ‘उड़ान’ योजना के तहत पटना जैसे टियर-2 शहरों को महानगरों से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है.

पटना एयरपोर्ट के निदेशक सीपी द्विवेदी ने भी यात्रियों को आश्वस्त किया कि आने वाले दिनों में सेवाओं का और विस्तार किया जाएगा. अब पटना से दिल्ली के लिए पहली फ्लाइट सुबह 8 बजे से उपलब्ध होगी, जिससे यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी.

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने कहा कि देश में एयरपोर्ट्स की संख्या तेजी से बढ़ रही है और हवाई सेवाएं अब छोटे शहरों तक पहुंच रही हैं. उड़ान योजना के जरिए कनेक्टिविटी मजबूत हो रही है, जिससे आम लोगों के लिए हवाई यात्रा आसान बन रही है.

Also Read: बिहार में जाम की झंझट दूर करने के लिए विभाग ने की प्लानिंग, बनाया जाएगा रूट चार्ट

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन