पटना एयरपोर्ट पर अब ₹10 में मिलेगी चाय और समोसा, 4 घंटे तक हाई-स्पीड इंटरनेट भी बिल्कुल फ्री

उड़ान यात्री कैफे
Patna Airport : हवाई यात्रा अब सिर्फ सुविधा नहीं, बल्कि किफायती अनुभव भी बनती जा रही है. पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्रियों के लिए 10 से 20 रुपये में चाय, कॉफी, समोसा और नाश्ते का समान मिलेंगे. इसके साथ ही यात्रियों को चार घंटे तक मुफ्त हाई-स्पीड वाई-फाई की सुविधा भी दी जा रही है, जिससे उनका सफर और आसान और स्मार्ट हो जाएगा.
Patna Airport : केंद्र सरकार की नई पहल ‘उड़ान यात्री कैफे’ के जरिए अब आपको एयरपोर्ट के अंदर महज 10 से 20 रुपये में चाय, कॉफी और नाश्ता मिलेगा.
इतना ही नहीं, यात्रियों के मनोरंजन और काम के लिए अब एयरपोर्ट परिसर में 4 घंटे तक हाई-स्पीड अनलिमिटेड वाई-फाई की सुविधा भी शुरू कर दी गई है.
‘उड़ान यात्री कैफे’ में मिलेगा सस्ता नाश्ता
हवाई सफर के दौरान एयरपोर्ट पर रुकना अब आपकी जेब खाली नहीं करेगा. नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने वर्चुअल माध्यम से पटना एयरपोर्ट पर ‘उड़ान यात्री कैफे’ का उद्घाटन किया है. इस कैफे की सबसे बड़ी खासियत इसकी कीमतें हैं.
यहां समोसा, मिठाई, चाय और कॉफी जैसी चीजें आम बाजार की दरों पर उपलब्ध कराई गई हैं. भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के सहयोग से शुरू किए गए इस कैफे का उद्देश्य मध्यम वर्गीय और बजट यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन किफायती दाम पर उपलब्ध कराना है, ताकि हर वर्ग का यात्री सुखद अनुभव के साथ अपनी उड़ान भर सके.
4 घंटे तक चलाएं नॉन-स्टॉप फ्री इंटरनेट
खाने-पीने की सुविधा के साथ-साथ पटना एयरपोर्ट अब डिजिटल रूप से भी और स्मार्ट हो गया है. यात्रियों के लिए आधुनिक वाई-फाई सेवा का शुभारंभ किया गया है. इसका लाभ उठाने के लिए यात्रियों को बस एक साधारण सॉफ्टवेयर डाउनलोड करना होगा.
एक बार लॉगिन करने के बाद, यात्री लगातार 4 घंटे तक असीमित और उच्च गति वाले इंटरनेट का आनंद ले सकते हैं. चाहे आपको अपनी ऑफिस की फाइलें डाउनलोड करनी हों या सफर से पहले अपनी पसंदीदा मूवी स्ट्रीम करनी हो, अब डेटा खत्म होने की चिंता पूरी तरह खत्म हो गई है.
महानगरों जैसी सुविधाएं अब पटना में
केंद्रीय मंत्री ने उद्घाटन के दौरान जोर देकर कहा कि देश में हवाई अड्डों की संख्या 74 से बढ़कर 165 हो गई है. ‘उड़ान’ योजना के तहत हवाई सेवाओं का विस्तार अब सिर्फ बड़े महानगरों तक सीमित नहीं है, बल्कि पटना जैसे शहरों में भी विश्वस्तरीय सुविधाएं दी जा रही हैं.
पटना एयरपोर्ट के निदेशक उमाशंकर सिंह ने बताया कि इन सुविधाओं के शुरू होने से यात्रियों के प्रतीक्षा समय का अनुभव काफी बेहतर होगा और यह कदम पर्यटन को भी बढ़ावा देगा.
Also Read: सोमवार को विधान परिषद से इस्तीफा देंगे नीतीश कुमार, बिहार में सियासी हलचल तेज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




