आधी रात को पप्पू यादव की गिरफ्तारी, 31 साल पुराने केस में एक्शन, समर्थकों का हंगामा

Updated at : 07 Feb 2026 7:05 AM (IST)
विज्ञापन
Pappu Yadav Arrested

पप्पू यादव गिरफ्तार (Photo: PTI)

Pappu Yadav: पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को पटना पुलिस ने शुक्रवार देर रात करीब 11.45 बजे गिरफ्तार कर लिया. यह गिरफ्तारी 31 साल पुराने धोखाधड़ी और धमकी से जुड़े मामले में हुई, जिसमें कोर्ट पहले ही वारंट जारी कर चुका था. मंदिरी स्थित आवास पर गिरफ्तारी से पहले करीब ढाई घंटे तक पुलिस और समर्थकों के बीच तीखी नोक-झोंक और तनावपूर्ण हालात बने रहे. गिरफ्तारी के बाद समर्थकों ने जमकर हंगामा किया और पुलिस वाहन को रोकने की कोशिश भी की.

विज्ञापन

Pappu Yadav: बिहार की सियासत में शुक्रवार की रात किसी हाई-वोल्टेज ड्रामे से कम नहीं रही. पूर्णिया के दबंग सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को पटना पुलिस ने उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया है. यह कार्रवाई उस वक्त हुई जब पूरा शहर सोने की तैयारी कर रहा था, लेकिन मंदिरी स्थित उनके आवास पर भारी पुलिस बल की तैनाती ने हलचल बढ़ा दी.

यह गिरफ्तारी किसी ताजा मामले में नहीं, बल्कि साल 1995 के एक पुराने विवाद को लेकर हुई है, जिसने अब सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है.

दो घंटे की तनातनी के बाद हुई गिरफ्तारी

पुलिस की टीम रात करीब 9.45 बजे पप्पू यादव के उत्तरी मंदिरी स्थित आवास पर पहुंची थी. गिरफ्तारी वारंट दिखाने की मांग को लेकर समर्थक अड़ गए, जिस पर मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने कोर्ट का आदेश दिखाया. इसके बाद गिरफ्तारी की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की गई.

इस दौरान सांसद ने अपनी तबीयत खराब होने की बात कही, जिसके बाद पुलिस उन्हें मेडिकल जांच के लिए आईजीआईएमएस लेकर गई.

गाड़ी में बैठते ही भावुक हुए सांसद, सड़क पर लेटे समर्थक

गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस पप्पू यादव को स्कॉर्पियो वाहन में बैठाकर ले जाने लगी, तो वे भावुक हो गए और लड़खड़ाते नजर आए. यह दृश्य देखते ही समर्थकों का आक्रोश और बढ़ गया. कई समर्थक पुलिस गाड़ी के सामने आकर सड़क पर लेट गए और नारेबाजी शुरू कर दी.

हालात को संभालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी. अंततः भारी सुरक्षा के बीच पुलिस उन्हें लेकर आईजीआईएमएस रवाना हुई.

क्या है 31 साल पुराना मामला

पुलिस के मुताबिक यह मामला गर्दनीबाग थाना कांड संख्या 552/95 से जुड़ा है. शिकायतकर्ता विनोद बिहारी लाल ने आरोप लगाया था कि उनका मकान धोखाधड़ी के जरिए किराये पर लिया गया और बाद में उसे पप्पू यादव के कार्यालय के रूप में इस्तेमाल किया गया.

मामले में लंबे समय से अदालती कार्यवाही चल रही थी. हाल ही में एमपी-एमएलए कोर्ट ने संपत्ति कुर्की का आदेश भी जारी किया था. कोर्ट के समन के बावजूद उपस्थिति नहीं होने पर गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया.

‘कोर्ट का सम्मान करने दिल्ली से पटना आया’

गिरफ्तारी से पहले पप्पू यादव ने कहा कि वे लोकसभा सत्र में शामिल होने के बाद कोर्ट के सम्मान में दिल्ली से पटना पहुंचे हैं. उन्होंने इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया और दावा किया कि वे नीट छात्रा के मामले में संघर्ष कर रहे हैं, जिससे कुछ लोग उनसे डर गए हैं.

आईजीआईएमएस में मेडिकल जांच के दौरान सिटी एसपी मध्य भानु प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया कि पुलिस वारंट के आधार पर किसी भी समय गिरफ्तारी कर सकती है. उन्होंने कहा कि सांसद की दवाइयां और एक केयरटेकर साथ रखे गए हैं और मेडिकल प्रक्रिया के बाद उन्हें थाने ले जाकर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा. हत्या की साजिश के आरोपों पर एसपी ने कहा कि पूरी कार्रवाई कानून के दायरे में की गई है.

Also Read: सूरज बिहारी हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, दो वांटेड आरोपी गिरफ्तार, क्या था पूरा मामला

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन