सूरज बिहारी हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, दो वांटेड आरोपी गिरफ्तार, क्या था पूरा मामला

Updated:
विज्ञापन

Suraj Bihari Murder: पूर्णिया के मशहूर ब्लॉगर सूरज बिहारी की हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. ब्रह्मपुरा पुलिस ने दो वांटेड आरोपियों स्नेहिल झा और आदित्य ठाकुर को मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार किया है. पूछताछ में हत्या में शामिल होने की पुष्टि हुई है, जिसके बाद दोनों को पूर्णिया पुलिस के हवाले किया जा रहा है.

विज्ञापन

Suraj Bihari Murder: पूर्णिया जिला के मशहूर ब्लॉगर सूरज यादव उर्फ सूरज बिहारी की हत्या में वांटेड दो आरोपी स्नेहिल झा उर्फ स्नेहिल ठाकुर और आदित्य ठाकुर को ब्रह्मपुरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है. दोनों की गिरफ्तारी स्टेशन से इमलीचट्टी बस स्टैंड जाने के क्रम में की गयी है. दोनों आरोपी से ब्रह्मपुरा थानेदार विजय लक्ष्मी ने पूछताछ किया. इसमें 27 जनवरी को पूर्णिया में हुई ब्लॉगर सूरज बिहारी की हत्या में शामिल होने की जानकारी दी है. फिर, दोनों की गिरफ्तारी की सूचना पूर्णिया जिला के मरंगा थाने की पुलिस को दे दी गयी.

गिरफ्तारी के डर से मुजफ्फरपुर में छिपे थे

पूर्णिया पुलिस के पहुंचने के बाद दोनों अपराधी को उनको हवाले कर दिया जाएगा. पुलिस की जांच में यह बात सामने आयी है कि गिरफ्तारी के डर से दोनों आरोपी मुजफ्फरपुर में छिपे हुए थे. सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस ने दोनों युवक को संदिग्ध हालत में इमलीचट्टी बस स्टैंड की ओर जाते देखा, इसके बाद दबोच लिया. थाने पर ले जाकर पूछताछ की गयी तब यह जानकारी मिली कि दोनों पूर्णिया के मशहूर ब्लॉगर सूरज बिहारी हत्याकांड के आरोपी है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

ब्रह्मपुरा पुलिस ने क्या बताया

ब्रह्मपुरा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पूर्णिया जिला के मरंगा थाना के फन सिटी के समीप 27 जनवरी को गोली मारकर मशहूर ब्लॉगर सूरज बिहारी उर्फ सूरज यादव की हत्या कर दी गयी थी. इस घटना को लेकर पूर्णिया के सदर थाना क्षेत्र के खुश्कीबाग निवासी मृतक के बड़े भाई उदय कुमार यादव ने प्राथमिकी दर्ज करायी थी.

इसमें बताया था कि उसका बड़ा भाई सूरज यादव वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर डालते थे जिससे उनकी फैन फॉलोइंग बढ़ रही थी. इससे दूसरे लोगों को जलन हो रही थी. उनका वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर डालने का काम कैमरामैन सूरज शर्मा का था. वह मरंगा थाना के नेवालाल चौक शिव नगर का रहने वाला है. इसी क्रम में उनके कैमरामैन सूरज शर्मा ने एक लड़की का वीडियो बनाकर अपने इंस्टाग्राम आइडी पर पोस्ट किया था. जिसको उस लड़की ने मेंशन बैक (लाइक) किया था. जो स्नेहिल को बुरा लगा.

उसने उनके कैमरामैन को बीते 25 जनवरी को नेवालाल चौक के पास बुलाकर बदसलूकी व मारपीट की थी. इसकी जानकारी कैमरामैन ने उनको व उनके भाई को दी थी. साथ ही पूरे मामले को सुलझाने का आग्रह किया था. उसी मामले को सुलझाने के लिए 27 जनवरी की सुबह नौ बजे स्नेहिल ठाकुर के घर पर गया जहां देखा कि उनके कैमरामैन सूरज शर्मा से स्नेहिल का बकझक हो रहा था. वहां से कैमरा मैन को समझा बुझा कर उसको छोड़ने के लिए घर चला गया.

इसके आधा घंटा बाद उनका भाई सूरज यादव अपने निजी गार्ड समेत सात लोगों के साथ काले रंग के स्कॉर्पियो से फन सिटी पहुंचे. वहां पर ब्रजेश सिंह व अन्य उनसे हाथापाई व मारपीट करने लगे. इसका विरोध उनके भाई सूरज यादव ने किया तो राज सिंह उर्फ नंदू सिंह, ब्रजेश सिंह व अमन सिंह ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी जिसमें तीन गोली उनके बड़े भाई सूरज यादव को लगी और वह वहीं पर जख्मी होकर गिर गए.

स्कॉर्पियो से उनके भाई के गार्ड का लाइसेंसी रायफल व पिस्टल और 25 हजार नकद निकाल कर अमन सिंह को दे दिया. बाद में ब्रजेश सिंह ने कट्टा से उनके ऊपर गोली चलायी. लेकिन, वह कट्टा पकड़ लिया और जान बची. उसके भाई के गार्ड ने अपनी जान बचाने के लिए हवाई फायरिंग भी की थी.

इसे भी पढ़ें: खेल रहे थे बच्चे, मौत बनकर दीवार चीरते हुए कमरे में घुसी बस, गोपालगंज में कोहराम

दरभंगा मामले में SSP ने बनाई एसआईटी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, जांच के बाद नाम FIR से हटाया जाएगा

विज्ञापन
परितोष शाही

लेखक के बारे में

By परितोष शाही

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन