Vikramshila Setu तीन महीने रहेगा बंद, भागलपुर-कटिहार स्पेशल ट्रेन दिसंबर तक चलेगी
विक्रमशिला सेतु
1 सितंबर से विक्रमशिला सेतु लगभग तीन महीने के लिए पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा. इस दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए भागलपुर-कटिहार स्पेशल ट्रेन का परिचालन दिसंबर तक बढ़ा दिया गया है.
Vikramshila Setu Special Train: Vikramshila Setu को 1 सितंबर से लगभग तीन महीने के लिए पूरी तरह बंद किया जा रहा है. पुल पर 31 अगस्त की देर रात से वाहनों की आवाजाही रोक दी जाएगी और क्षतिग्रस्त हिस्से पर स्थायी कंक्रीट स्लैब निर्माण का काम शुरू होगा. इस बंदी के दौरान यात्रियों को राहत देने के लिए Eastern Railway ने 03407/03408 Bhagalpur-Katihar-Bhagalpur Unreserved Special Train को दिसंबर तक चलाने की तैयारी कर ली है.
यह ट्रेन पहले श्रावणी मेला को देखते हुए 28 अगस्त तक चल रही थी, लेकिन अब Vikramshila Setu बंद रहने की अवधि को ध्यान में रखते हुए इसके परिचालन को आगे बढ़ाया जाएगा. रेलवे सूत्रों के अनुसार जरूरत पड़ने पर इस ट्रेन में अतिरिक्त डिब्बे भी लगाए जा सकते हैं.
क्यों महत्वपूर्ण है यह ट्रेन
Vikramshila Setu भागलपुर को कोसी और सीमांचल क्षेत्र से जोड़ने वाला सबसे महत्वपूर्ण सड़क संपर्क है. कटिहार, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, सुपौल, सहरसा और आसपास के जिलों के हजारों लोग रोजाना इस मार्ग का उपयोग करते हैं. दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ जैसे त्योहारों के दौरान इस पुल पर यातायात का दबाव कई गुना बढ़ जाता है.
ऐसे में पुल बंद होने के बाद Bhagalpur-Katihar Special Train पूर्वी बिहार के यात्रियों के लिए सबसे अहम परिवहन विकल्प बन सकती है.
1 सितंबर से ही क्यों बंद होगा Vikramshila Setu
पहले चर्चा थी कि पुल को 15 सितंबर से बंद किया जाएगा, लेकिन अब सरकार ने निर्णय लिया है कि 31 अगस्त की देर रात से ही पुल पर सभी वाहनों का परिचालन रोक दिया जाएगा.
इसका कारण यह है कि वर्तमान में क्षतिग्रस्त हिस्से पर अस्थायी बेली ब्रिज के सहारे यातायात चल रहा है. अब इस बेली ब्रिज को हटाकर स्थायी कंक्रीट स्लैब तैयार किया जाएगा. इस निर्माण कार्य के लिए भारी क्रेन, मशीनरी और कंक्रीटिंग उपकरणों को पुल पर स्थापित करना होगा, जिसके लिए पूरे पुल को खाली रखना आवश्यक है.
सरकार ने 30 नवंबर तक निर्माण कार्य पूरा कर पुल पर सामान्य परिचालन बहाल करने का लक्ष्य रखा है.
तीन मई की घटना के बाद से अस्थायी व्यवस्था
Vikramshila Setu पर संकट की शुरुआत 3 मई की रात हुई थी, जब पिलर संख्या 4 और 5 के बीच का लगभग 34 मीटर लंबा स्लैब टूटकर गंगा नदी में गिर गया था. इस घटना के बाद भागलपुर और पूर्वी बिहार के कई जिलों का सड़क संपर्क गंभीर रूप से प्रभावित हो गया था.
स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन ने बेली ब्रिज बनाकर सीमित और नियंत्रित यातायात व्यवस्था शुरू की थी. बड़े वाहनों के परिचालन पर पहले से ही प्रतिबंध लगाया गया था.
अब स्थायी मरम्मत के लिए पुल को पूरी तरह बंद किया जा रहा है.
Eastern Railway ने क्या तैयारी की है
Eastern Railway, Kolkata ने पुल बंद होने की स्थिति को देखते हुए विस्तृत तैयारी शुरू कर दी है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार 03407/03408 Bhagalpur-Katihar-Bhagalpur Unreserved Special Train का परिचालन दिसंबर तक जारी रखने की योजना है.
मुख्य वाणिज्य प्रबंधक डॉ. उदय शंकर झा ने बताया कि Vikramshila Setu पर 1 सितंबर से वाहनों का आवागमन बंद होने के कारण यात्रियों की सुविधा के लिए यह ट्रेन दिसंबर तक चलाई जाएगी. वर्तमान में यह ट्रेन श्रावणी मेला को लेकर 28 अगस्त तक संचालित की जा रही है.
Vikramshila Setu Special Train: त्योहारों में यात्रियों को मिलेगी राहत
विशेषज्ञों का मानना है कि पुल बंद रहने की अवधि में यही ट्रेन भागलपुर और कटिहार के बीच सबसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक परिवहन साधन बन जाएगी. दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में लोग भागलपुर आते-जाते हैं. ऐसे में ट्रेन सेवा का विस्तार हजारों यात्रियों को राहत दे सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By ललित किशोर मिश्र
ललित किशोर मिश्र प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से व डिजिटल माध्यम में पिछले 3 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, रेलवे और परिहवन में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










