नवादा में एक माह से फुंका है ट्रांसफार्मर, बिजली-पानी संकट से जूझ रहे दो गांव के लोग
पकरीबरावां में ट्रांसफार्मर खराब के कारण निजी मोटर से पानी ढोते लोग
Nawada News : पकरीबरावां के विजयपुर और धूरापर गांव में एक माह से ट्रांसफार्मर खराब है, जिससे ग्रामीण पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। बिजली विभाग से जल्द समाधान की मांग की गई है।
Nawada News : पकरीबरावां प्रखंड की धेवधा पंचायत के विजयपुर गांव और पोक्सी पंचायत के धूरापर गांव में करीब एक माह पहले बिजली ट्रांसफार्मर खराब हो गया था. इसके बाद से दोनों गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है. बिजली नहीं रहने से सबसे अधिक परेशानी पेयजल संकट को लेकर हो रही है. ग्रामीणों को पीने, खाना बनाने, स्नान और अन्य घरेलू कार्यों के लिए पानी जुटाने में रोजाना भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
नल-जल योजना बंद, निजी मोटर से ला रहे पानी
ग्रामीण धर्मवीर मांझी, उमेश मांझी, पप्पू मांझी, सीताराम मांझी समेत अन्य लोगों ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद गांव की जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है. नल-जल योजना और बिजली से संचालित मोटर बंद पड़े हैं. ऐसे में ग्रामीण मजबूर होकर एक निजी व्यक्ति द्वारा कृषि सिंचाई के लिए लगाए गए मोटर से पानी लाकर अपनी जरूरतें पूरी कर रहे हैं. कई परिवारों को दूर-दराज से बाल्टी और बर्तन में पानी ढोना पड़ रहा है, जिससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है.
बिजली नहीं रहने से पढ़ाई और रोजमर्रा के काम प्रभावित
ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को दी गई, लेकिन एक माह बीत जाने के बावजूद नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया. विभाग की उदासीनता से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है. बिजली आपूर्ति ठप रहने से मोबाइल चार्ज करने, बच्चों की पढ़ाई, घरेलू उपकरणों के उपयोग और छोटे-मोटे व्यवसाय भी प्रभावित हो रहे हैं. वहीं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं होने से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की भी चिंता सता रही है.
जल्द ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने बिजली विभाग और जिला प्रशासन से दोनों गांवों में अविलंब नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे.
क्या कहते हैं कार्यपालक अभियंता
इस संबंध में बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता अनिल कुमार भारती ने बताया कि उन्हें ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी नहीं थी. उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी. यदि ट्रांसफार्मर खराब पाया जाता है तो उसे शीघ्र बदलकर गांव में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी.
Also Read : बेगूसराय में गंगा स्नान के लिए जा रहे मां-बेटे की सड़क हादसे में मौत, सदमे में पिता ने भी तोड़ा दम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










