सावन की पहली सोमवारी संग नागपंचमी का शुभ संयोग, नवादा के शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

पकरीबरावां के धमौल शिव मंदिर में पूजा-अर्चना करतीं महिलाएं व युवतियां.
नाग पंचमी और सावन की पहली सोमवारी के दुर्लभ संयोग पर पकरीबरावां के शिवालयों में भक्तों का तांता लगा रहा. श्रद्धालुओं ने महादेव की पूजा कर सुख-समृद्धि मांगी.
सावन माह की पहली सोमवारी इस बार नागपंचमी के शुभ संयोग में पड़ने से पकरीबरावां प्रखंड सहित आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धा और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला. सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही शिवभक्त स्नान-ध्यान कर पूजा सामग्री के साथ भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए शिवालयों की ओर निकल पड़े. हर-हर महादेव, बोल बम और ॐ नमः शिवाय के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा.
शिव मंदिरों में हजारों लोगों ने किया जलाभिषेक
पकरीबरावां बाजार स्थित प्राचीन बूढ़ा शिव मंदिर, धमौल तालाब के समीप स्थित शिव मंदिर सहित प्रखंड के विभिन्न गांवों और बाजारों के शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं. महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बच्चों ने भगवान शिव का गंगाजल, दूध, दही, शहद, बेलपत्र, धतूरा, भांग, चंदन एवं पुष्प अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की. श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, संतान की उन्नति तथा मनोकामना पूर्ण होने की कामना की. दिनभर मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा और शाम की आरती तक श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही.
नागपंचमी को लेकर बाजार में दिखी चहल-पहल
नाग पंचमी के अवसर पर क्षेत्र में लोक आस्था से जुड़ी परंपराएं भी देखने को मिलीं. कई स्थानों पर श्रद्धालु नीम के पेड़ों के नीचे पूजा-अर्चना करते नजर आए. पूजा के बाद श्रद्धालुओं को नीम का डंठल अपने साथ घर ले जाते देखा गया. स्थानीय लोगों के अनुसार नाग पंचमी के दिन नीम की पूजा कर उसका डंठल घर लाना शुभ माना जाता है. ऐसी मान्यता है कि इससे घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है तथा परिवार पर आने वाली विपत्तियां दूर होती हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षों से चली आ रही इस परंपरा का लोगों ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ पालन किया. मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था.
फूल-मालाओं से शिवलिंग का किया गया शृंगार
कहीं फूल-मालाओं से शिवलिंग का शृंगार किया गया, तो कहीं भजन-कीर्तन और रुद्राभिषेक का आयोजन हुआ. स्थानीय पूजा समितियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, प्रसाद तथा कतारबद्ध दर्शन की व्यवस्था की. भीड़ को देखते हुए प्रमुख मंदिरों के आसपास पुलिस और स्थानीय प्रशासन भी सतर्क रहा, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई. सावन की पहली सोमवारी और नाग पंचमी का यह दुर्लभ संयोग पूरे दिन क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का केंद्र बना रहा. शिवालयों में गूंजते हर-हर महादेव के उद्घोष और श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ ने पूरे पकरीबरावां क्षेत्र को शिवमय बना दिया. श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ और नाग देवता का आशीर्वाद प्राप्त कर अपने परिवार की खुशहाली और समाज में सुख-शांति की कामना की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










