नवादा : बिजली के खंभे में करेंट आने से युवक की गयी जान, बिजली कंपनी पर लापरवाही का आरोप

चिकित्सक व परिजनों से बातचीत करते विधायक.
रजौली के बिजवन गांव में बिजली के जर्जर तार की चपेट में आने से 28 वर्षीय संतोष कुमार की मौत हो गयी. परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा, विधायक ने की जांच की मांग.
रजौली प्रखंड की लेंगुरा पंचायत के बिजवन गांव के काशीचक मुहल्ले में रविवार की देर रात बिजली के खंभे में करेंट आने से युवक की मौत हो गयी. हादसे के बाद तीन मासूम बच्चों और गर्भवती पत्नी की हालत खराब हो गयी. मृतक की पहचान बिजवन काशीचक निवासी सुधीर राजवंशी के 28 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि संतोष रात करीब नौ बजे शौच के लिए घर से बाहर निकला था. इसी दौरान बिजली के खंभे के पास वह करेंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गयी.
परिजनों से मिलकर विधायक ने ली पूरी जानकारी
सूचना मिलते ही रजौली विधायक विमल राजवंशी रात में ही अस्पताल पहुंचे. उन्होंने परिजनों आशुतोष कुमार और विकास राम से पूरी घटना की जानकारी ली. परिजनों ने विधायक को बताया कि गांव में घरों के ऊपर से एलटी तार बेहद जर्जर हालत में लटके हुए हैं. इसकी शिकायत कई बार बिजली विभाग से की गयी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. इसी लापरवाही की वजह से संतोष की जान गयी.
ग्रामीणों का आरोप, जर्जर तार के कारण हुआ हादसा
गांव वालों का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही से जान जा रही है. इस पर विधायक ने बिजली कंपनी के अधिकारियों को निर्दश दिया कि क्षेत्र के सभी जर्जर तारों को जल्द बदलें. उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव सरकारी मदद और मुआवजा दिलवाने का आश्वासन भी दिया. वहीं, थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है.
आठ महीने की गर्भवती पत्नी, तीन बच्चे हुए बेसहारा
संतोष अपने पीछे तीन छोटे बच्चों और आठ महीने की गर्भवती पत्नी को छोड़ गया है. बड़ी बेटी आठ वर्ष, दूसरी बेटी छह वर्ष और बेटा तीन वर्ष का है. परिवार का एकमात्र कमाने वाला चला जाने से घर में कोहराम मच गया है. सूचना पर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रणजीत कुमार के निर्देश पर अपर थानाध्यक्ष एसआइ अजय कुमार, एएसआई वीरेंद्र ओझा और जयप्रकाश चौधरी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेजा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










