ePaper

फुटपाथी दुकानदारों की रोजी-रोटी पर बैरिकेडिंग की मार

Updated at : 24 Jul 2025 11:09 PM (IST)
विज्ञापन
फुटपाथी दुकानदारों की रोजी-रोटी पर बैरिकेडिंग की मार

नगर प्रशासन के अतिक्रमण हटाओ अभियान और नयी व्यवस्था के खिलाफ फूटा गुस्सा, बुधवार देर शाम विश्वशांति चौक पर बैरिकेडिंग शुरू कराये जाने के बाद फुटपाथी दुकानदारों ने किया विरोध प्रदर्शन

विज्ञापन

बुधवार देर शाम विश्वशांति चौक पर बैरिकेडिंग शुरू कराये जाने के बाद फुटपाथी दुकानदारों ने किया विरोध प्रदर्शन

प्रतिनिधि, हिसुआ

नगर प्रशासन के अतिक्रमण हटाओ अभियान और मनमानी बैरिकेडिंग व्यवस्था से हिसुआ नगर पर्षद क्षेत्र के फुटपाथी दुकानदारों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है़ बुधवार देर शाम विश्वशांति चौक पर वार्ड-15 के पार्षद व उनके प्रतिनिधि फुल्लू कुमार द्वारा अचानक बैरिकेडिंग शुरू कराये जाने के बाद फुटपाथी दुकानदारों ने भारी विरोध प्रदर्शन किया. करीब डेढ़ सौ से अधिक सब्जी और फल विक्रेता, सड़क किनारे जमा होकर राहत देते हुए बैरिकेडिंग की मांग करने लगे. दुकानदारों का आरोप था कि नगर पर्षद के इओ और जेइ बिना पूर्व सूचना के और बिना सहमति के मनमाने ढंग से बैरिकेडिंग करवा रहे हैं, जिससे उनकी आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है.

हंगामा और आश्वासन के बीच टली बात

विवाद के बढ़ने पर देर रात तक हल निकालने की कोशिश होती रही, लेकिन कोई ठोस समाधान सामने नहीं आ सका. अस्थायी सहमति के तहत यह तय किया गया कि नवादा रोड पर नाले के दक्षिण किनारे से हटकर सड़क पर बैरिकेडिंग की जायेगी, ताकि कुछ राहत मिल सके. हालांकि, स्थायी दुकानदारों ने साफ कह दिया कि वे बैरिकेडिंग के भीतर ठेला या रेवड़ी नहीं लगाने देंगे. फुटपाथी दुकानदारों ने सवाल उठाया कि जब प्रशासन बैरिकेडिंग के बाहर दुकान नहीं लगाने दे रहा और स्थायी दुकानदार बैरिकेडिंग के भीतर घुसने नहीं दे रहे, तो आखिर हम जाएं तो जाएं कहां? कई विक्रेताओं ने बताया कि 10 साल से उन्हें कहीं पुनर्वासित करने का वादा किया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.

चेयरमैन आवास पर पहुंचा दुकानदारों का हुजूम

गुरुवार की देर शाम जब बैरिकेडिंग की खबर फैली, तो फुटपाथी दुकानदार नगर पर्षद की चेयरमैन पूजा कुमारी के आवास पहुंच गये और बैरिकेडिंग रोकने की मांग की. मुख्य पार्षद पूजा कुमारी, उपमुख्य पार्षद टिंकू कुमार चौधरी और समाजसेवी मधुसूदन चौधरी ने भी मामले में हस्तक्षेप करते हुए कहा कि नाले के बाद रोड की तरफ बैरिकेडिंग होनी चाहिए, जिससे दुकानदारों को थोड़ी जगह मिल सके.

प्रशासन की चुप्पी से नाराज हैं विक्रेता

बिक्रेता संघ के सदस्यों ने बताया कि नगर पर्षद प्रशासन ने कहा था कि 30 जुलाई के बाद बैरिकेडिंग की जायेगी और उससे पहले फुटपाथी दुकानदारों से बैठक कर सहमति ली जायेगी, लेकिन बुधवार को बिना किसी सूचना के काम शुरू कर दिया गया. जब दुकानदारों ने फोन के जरिये संपर्क करना चाहा, तो नगर पर्षद के अधिकारियों ने फोन तक उठाना बंद कर दिया.

15 दिनों से दौड़ रहे दुकानदार, समाधान अभी भी अधूरा

फुटपाथी दुकानदारों ने बताया कि वे बीते 15 दिनों से नगर प्रशासन के चक्कर काट रहे हैं. इओ, सीओ, बीडीओ सभी को आवेदन देकर राहत की गुहार लगा चुके हैं. सीओ और बीडीओ ने साफ कह दिया कि यह मामला इओ के स्तर से ही सुलझेगा, मगर अब तक कोई ठोस योजना या स्थान तय नहीं किया गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
PANCHDEV KUMAR

लेखक के बारे में

By PANCHDEV KUMAR

PANCHDEV KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन