टीबी मुक्त भारत अभियान: नवादा में 2.70 लाख लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य पूरा, प्रतिदिन 10 हजार लोगों की हो रही जांच

अभियान का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
नवादा में 'टीबी मुक्त भारत अभियान' के तहत व्यापक स्तर पर टीबी स्क्रीनिंग जारी है. 2.70 लाख का लक्ष्य पूरा होने के बावजूद, जिले के सभी 14 प्रखंडों में जांच अभियान जारी है ताकि कोई भी मरीज छूटने न पाए.
Nawada News: नवादा में'टीबी मुक्त भारत अभियान' के तहत जिले भर में व्यापक स्तर पर लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की जा रही है. इस महत्वाकांक्षी अभियान में स्वास्थ्य विभाग की आशा कार्यकर्ता, एएनएम और अन्य स्वास्थ्य कर्मी पूरी तत्परता से अपनी भूमिका निभा रहे हैं. केंद्र सरकार द्वारा संचालित '100 डेज प्रोग्राम' के तहत सदर अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी सहित जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में बड़े पैमाने पर जांच अभियान जारी है.
2.70 लाख का लक्ष्य हासिल, फिर भी लगातार जारी है जांच
विभागीय जानकारी के अनुसार, इस '100 डेज प्रोग्राम' की शुरुआत 24 मार्च से की गई है जो 14 अगस्त तक संचालित होगी. जिला यक्ष्मा पदाधिकारी (सीडीओ) डॉ. माला सिन्हा ने बताया कि जिले में निर्धारित 2 लाख 70 हजार लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य समय से पहले ही पूरा कर लिया गया है. इसके बावजूद जिले के सभी 14 प्रखंडों में लगातार जांच अभियान जारी रखा गया है, ताकि कोई भी संभावित मरीज छूटने न पाए.
घर-घर जाकर स्क्रीनिंग और आयुष्मान कार्ड का निर्माण
प्रधानमंत्री की इस महत्वाकांक्षी योजना को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग बहुआयामी प्रयास कर रहा है. एक तरफ जहां स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले हर मरीज की जांच की जा रही है, वहीं दूसरी तरफ आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग कर रही हैं. साथ ही अभियान के दौरान पात्र लोगों के आयुष्मान भारत कार्ड भी बनाए जा रहे हैं.
निक्षय पोषण योजना और मुफ्त इलाज का मिल रहा लाभ
जांच के दौरान टीबी पॉजिटिव पाए जा रहे मरीजों का तत्काल इलाज शुरू किया जा रहा है. सरकार द्वारा टीबी मरीजों को मुफ्त दवाइयों के साथ-साथ पोषण आहार के लिए आर्थिक सहायता (निक्षय पोषण योजना) भी प्रदान की जा रही है.
क्या कहती हैं अधिकारी
"जिले भर में 100 डेज प्रोग्राम सफलतापूर्वक आयोजित किया जा रहा है. सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर नि:शुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध है. जो भी मरीज टीबी से पीड़ित पाए जा रहे हैं, उन्हें तुरंत इलाज और सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है. आम लोगों को जागरूक करते हुए अभियान को गति दी जा रही है." — डॉ. माला सिन्हा, सीडीओ, नवादा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










