राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में नवादा का शानदार प्रदर्शन, खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक

Updated:
विज्ञापन

खिलाड़ियों के साथ बातचीत करते हुए डीएम

Nawada News : पतंजलि योग परिवार की ओर से हुआ आयोजन

विज्ञापन

Nawada News : योग के क्षेत्र में नवादा के खिलाड़ियों ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है. पटना के पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित सातवीं राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए. उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर नवादा जिले ने पूरे राज्य में पांचवां स्थान हासिल किया. शुक्रवार को समाहरणालय में जिलाधिकारी रवि प्रकाश ने पदक विजेता खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और लगन से जिले का गौरव बढ़ा है.

नेहा ने स्वर्ण जीतकर बढ़ाया जिले का मान

एक से तीन अगस्त तक आयोजित प्रतियोगिता में काशीचक प्रखंड स्थित चंडी महारानी इंटर कॉलेज की छात्रा नेहा कुमारी ने जूनियर वर्ग की परंपरागत योगासन स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया. इसके अलावा उन्होंने चांद मुनि के साथ कलात्मक योगासन युगल प्रतियोगिता में कांस्य पदक भी हासिल किया.

बालिका वर्ग में रजत और कांस्य पदक भी मिले

नवादा नगर की वीआईपी कॉलोनी निवासी आंचल मेहता और नारदीगंज प्रखंड के फल्गु गांव की ज्योति कुमारी ने सीनियर वर्ग की तालात्मक योगासन युगल प्रतियोगिता में रजत पदक जीता. वहीं कलात्मक योगासन युगल स्पर्धा में दोनों ने कांस्य पदक अपने नाम किया.

बालकों ने भी किया शानदार प्रदर्शन

ज्ञान भारती विद्यालय, नवादा के छात्र केशव पांडेय और इंटर विद्यालय चंडीनोवा के छात्र शिवम कुमार ने जूनियर बालक वर्ग की कलात्मक योगासन युगल प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया.

खिलाड़ियों से मिले डीएम, जाना प्रतियोगिता का अनुभव

सम्मान समारोह के दौरान जिलाधिकारी रवि प्रकाश ने खिलाड़ियों से योगासन की विभिन्न विधाओं, प्रतियोगिता की तकनीकी बारीकियों और कोड ऑफ पॉइंट्स के बारे में जानकारी ली. उन्होंने खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, अभ्यास और प्रतियोगिता के अनुभवों पर चर्चा करते हुए उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया.

योग को बढ़ावा देने के लिए विकसित होगी विशेष व्यवस्था

जिलाधिकारी ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की प्राचीन और गौरवशाली परंपरा है तथा आज यह स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है. योगासन को खेल विधा के रूप में मान्यता मिलने से खिलाड़ियों के लिए रोजगार और करियर के नए अवसर भी खुले हैं. उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन खेल और योग को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है. बुधौल स्थित निर्माणाधीन संजीवनी वाटिका पार्क में योगाभ्यास और योगासन प्रतियोगिताओं के लिए विशेष व्यवस्था विकसित की जा रही है, ताकि जिले के खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास के लिए बेहतर मंच मिल सके.

खिलाड़ियों का किया उत्साहवर्धन

डीएम ने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता हासिल कर सकते हैं.

Also Read : अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने की समीक्षा बैठक, थानाध्यक्षों को त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश


विज्ञापन
Vishal Kumar

लेखक के बारे में

By Vishal Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन