रजौली में जाम और अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, SDM ने दिया कार्रवाई का अल्टीमेटम

बजरंगबली चौक के पास निरीक्षण करते एसडीएम
Nawada News: रजौली अनुमंडल में अतिक्रमण और भीषण जाम की समस्या से त्रस्त जनता की शिकायत पर एसडीएम स्वतंत्र कुमार सुमन ने प्रशासनिक टीम के साथ बुधवार को औचक निरीक्षण किया. उन्होंने अतिक्रमणकारियों को कड़ा अल्टीमेटम देते हुए ई-रिक्शा के लिए अलग स्टैंड चिन्हित करने का निर्देश दिया है.
Nawada News (कुमार मनीष देव): नवादा जिले के रजौली अनुमंडल मुख्यालय में दिनों-दिन विकराल रूप धारण करती जा रही अतिक्रमण और भीषण जाम की समस्या से आम जनता पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है. सड़कों पर पैदल चलना भी दूभर होने के बाद, स्थानीय लोगों की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए बुधवार को अनुमंडलीय प्रशासनिक अमले ने खुद मोर्चा संभाल लिया. अनुमंडल पदाधिकारी स्वतंत्र कुमार सुमन ने भूमि सुधार उप समाहर्ता कौशर इमाम और अंचलाधिकारी मोहम्मद गुफरान मजहरी के साथ मिलकर रजौली के हृदय स्थल माने जाने वाले बजरंगबली चौक एवं उसके आस-पास के अत्यधिक प्रभावित इलाकों का सघन जमीनी निरीक्षण किया. शीर्ष अधिकारियों के इस औचक निरीक्षण से पूरे बाजार में हड़कंप मच गया और अवैध कब्जा जमाने वालों के पसीने छूटते नजर आए.
सड़कों पर पसरी घोर अव्यवस्था
इस धरातलीय निरीक्षण के दौरान रजौली नगर पंचायत के बजरंगबली चौक से लेकर अनुमंडल अस्पताल, विभिन्न बैंकों, थाना मोड़, बस स्टैंड और मुख्य बाजार की सड़कों पर स्थिति बेहद चिंताजनक और भयावह पाई गई. स्थानीय दुकानदारों द्वारा सड़कों और फुटपाथों तक अपने सामान फैलाकर किए गए अवैध कब्जे तथा ई-रिक्शा चालकों द्वारा मुख्य चौराहों पर बेतरतीब ढंग से वाहनों को खड़ा करने के कारण समूचा इलाका दिनभर कछुआ रफ्तार से रेंगता नजर आता है. इस प्रशासनिक अव्यवस्था के कारण न केवल आम राहगीरों और स्कूली बच्चों को रोजाना भारी फजीहत झेलनी पड़ रही है, बल्कि जीवन-मौत से जूझते एम्बुलेंस में सवार गंभीर मरीजों को भी अस्पताल पहुंचने के लिए घंटों इस जाम में तड़पना पड़ता है. पूर्व में भी क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों ने प्रशासन से गुहार लगाई थी कि इस गंभीर और संवेदनशील समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए कोई ठोस व स्थाई कदम उठाया जाए.
नोटिस के बाद भी मनमानी
गंभीरता से निरीक्षण करने के बाद कड़ा रुख अख्तियार करते हुए एसडीएम स्वतंत्र कुमार सुमन ने साफ तौर पर बताया कि रजौली बाजार को जाम मुक्त बनाने के लिए प्रशासन पहले से ही काफी सक्रिय है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व में भी दर्जनों अतिक्रमणकारियों को कानूनी नोटिस तामिला कराया जा चुका है और लगातार माइकिंग कराकर लोगों से खुद ब खुद सड़कों को खाली करने की पुरजोर अपील भी की गई थी. इसके बावजूद कुछ हठधर्मी दुकानदारों और ई-रिक्शा चालकों की मनमानी के कारण बाजार की सूरत नहीं बदल पा रही है, जिसे अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
अब होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
प्रशासनिक शिथिलता को दरकिनार करते हुए एसडीएम ने मौके पर मौजूद अधीनस्थ अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि वे तुरंत पूरे क्षेत्र में व्यापक माइकिंग अभियान शुरू कराएं. इसके साथ ही उन्होंने तय समय सीमा के भीतर स्वेच्छा से अतिक्रमण न हटाने वालों पर बुलडोजर चलाने और कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने और सुचारू बनाने के लिए ई-रिक्शा चालकों के वास्ते एक अलग स्टैंड चिन्हित करने का आदेश जारी किया गया है ताकि मुख्य सड़कों पर वाहनों का जमावड़ा न लगे और रजौली वासियों को इस नारकीय जाम से हमेशा-हमेशा के लिए निजात मिल सके.
Also Read: अनुमंडल पदाधिकारी ने रजौली अनुमंडल अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By विकाश झा
विकाश झा प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में छह वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है.
पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया. News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया तथा बिहार सरकार के विभिन्न विभागों की सोशल मीडिया टीमों में भी अपनी सेवाएं दीं.
स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं. उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है.
मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










