नवादा के स्कूल में बिजली बिल बकाया होने पर विभाग ने काटा कनेक्शन, भीषण गर्मी में बूंद-बूंद पानी को तरस रहे बच्चे

उत्क्रमित मध्य विद्यालय रामदेव
Nawada News: नवादा के अकबरपुर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय रामदेव में बिजली बिल बकाया होने के कारण पिछले तीन दिनों से बिजली काट दी गई है. इसके चलते स्कूल का मोटर बंद है और छात्र-छात्राओं को इस भीषण गर्मी में पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है, जबकि मिड-डे मील बनाने के लिए भी बाहर से पानी लाना पड़ रहा है.
Nawada News (अनिल कुमार): नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय रामदेव में बिजली बिल बकाया रहने के कारण विद्युत विभाग द्वारा कनेक्शन काट दिया गया है. भीषण गर्मी के इस मौसम में बिजली गुल होने से स्कूल में लगी बोरिंग पूरी तरह ठप हो गई है. नतीजतन, विद्यालय के छात्र-छात्राएं पानी के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं और दूसरों से पानी मांगकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं.
तीन दिनों से स्कूल में पानी का संकट, घर या पंपिंग सेट से ला रहे पानी
स्कूली बच्चों ने अपनी समस्या साझा करते हुए बताया कि पिछले तीन दिनों से विद्यालय की बिजली कटी हुई है. इस चिलचिलाती गर्मी में बिना बिजली-पानी के पढ़ाई करना मुश्किल हो गया है. प्यास बुझाने के लिए बच्चों को या तो अपने घर से पानी की बोतल लानी पड़ रही है, या फिर स्कूल के बगल में चल रहे एक निजी पंपिंग सेट से पानी लाकर अपना गला तर करना पड़ रहा है. पानी की किल्लत की वजह से बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
लापरवाही से अभिभावकों में भारी आक्रोश, मध्याह्न भोजन पर भी आफत
स्कूल प्रबंधन की इस बदइंतजामी को लेकर बच्चों के अभिभावकों में गहरा रोष है. स्थानीय अभिभावक अजय राम, जितेंद्र कुमार और राजेश कुमार ने बताया कि इतनी भीषण गर्मी में बच्चों को पीने का पानी तक नसीब नहीं हो रहा है. बिजली बिल समय पर जमा नहीं करना विभाग और प्रबंधन की लापरवाही को दर्शाता है.
प्रधान शिक्षक का बयान: इस पूरे मामले पर विद्यालय के प्रधान शिक्षक बिंदेश्वर रविदास ने बताया कि बिजली बिल बकाया रहने के कारण विभाग द्वारा दो दिन पहले कनेक्शन काट दिया गया था. इसकी लिखित सूचना प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) को दे दी गई है, लेकिन अब तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की जा सकी है. उन्होंने बताया कि पानी न होने के कारण स्कूल में बच्चों का मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) बनाने के लिए भी बाहर से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है.
Also Read : नालंदा के बिंद में अवैध मिट्टी खनन पर बड़ी रेड, पुलिस पहुंचते ही जेसीबी छोड़ भागे चालक
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










