चंडी नवां इंटर विद्यालय में शुरू होगा सरस्वती विद्या निकेतन, सीएम करेंगे ऑनलाइन शुभारंभ

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की फाइल तस्वीर
Nawada News : नवादा के इंटर विद्यालय चंडी नवां में सरस्वती विद्या निकेतन का शुभारंभ होने जा रहा है, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा. यह पहल ग्रामीण प्रतिभाशाली छात्रों के लिए मुफ्त शिक्षा के द्वार खोलेगी.
Nawada News : प्रखंड के इंटर विद्यालय चंडी नवां भवन में सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का शुभारंभ रविवार को किया जाएगा. विद्यालय प्राचार्य विनय कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ऑनलाइन माध्यम से राज्य के 551 सरस्वती विद्या निकेतन विद्यालयों का उद्घाटन करेंगे. मुख्य कार्यक्रम बेगूसराय जिले के बीपी इंटर विद्यालय से आयोजित होगा.
राज्य स्तरीय परीक्षा के आधार पर होगा नामांकन
विद्यालय प्राचार्य ने बताया कि सरस्वती विद्या निकेतन में नामांकन के लिए राज्य स्तरीय परीक्षा आयोजित की जाएगी. परीक्षा में सफल छात्र-छात्राओं का चयन कर विद्यालय में नामांकन किया जाएगा. चयनित विद्यार्थियों को यहां निःशुल्क आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी. उन्होंने बताया कि विद्यालय में बच्चों के रहने, खाने और पढ़ाई की पूरी व्यवस्था निःशुल्क होगी. इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा का अवसर मिलेगा.
विद्यालय शुरू होने से क्षेत्र में खुशी का माहौल
सरस्वती विद्या निकेतन के शुभारंभ को लेकर प्रखंड क्षेत्र में खुशी का माहौल है. लोगों का कहना है कि इस तरह के विद्यालय खुलने से आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा.
स्थानीय छात्रों के भविष्य को लेकर अभिभावकों में चिंता
हालांकि, विद्यालय के स्वरूप में बदलाव को लेकर कुछ अभिभावकों में चिंता भी देखने को मिल रही है. जानकारी के अनुसार, वर्तमान समय में इंटर विद्यालय चंडी नवां में वर्ग 9 में करीब 500 छात्र-छात्राओं का नामांकन होता है. अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय के सरस्वती विद्या निकेतन में परिवर्तित होने के बाद आसपास के सामान्य छात्रों के लिए पढ़ाई की व्यवस्था प्रभावित हो सकती है. इसी कारण स्थानीय अभिभावक अपनी समस्याओं को लेकर चिंतित हैं.
Also Read : आधे घंटे की बारिश में डूबे दाउदनगर के दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग, जल निकासी व्यवस्था की खुली पोल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










