नवादा: नाली जाम रहने से अकबरपुर बाजार में जलजमाव, मामूली बारिश में सड़क बनी पोखर
मामूली बारिश ने खोली विकास की पोल, सड़क बनी पोखर
अकबरपुर बाजार में मामूली बारिश ने जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी. नाली जाम होने से सड़क पर जलजमाव से राहगीरों को भारी परेशानी हुई. स्थानीय लोगों ने तत्काल नाली की सफाई और स्थायी व्यवस्था की मांग की है.
Nawada Waterlogging: मंगलवार दोपहर बाद हुई मामूली बारिश ने अकबरपुर बाजार की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी. अकबरपुर मस्जिद के समीप नाली जाम रहने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा हो गया. देखते ही देखते मुख्य सड़क पर जलजमाव की स्थिति बन गयी और सड़क पोखर का रूप लेती नजर आई.
सड़क पर पानी जमा होने से पैदल राहगीरों के साथ बाइक और अन्य वाहनों से आने-जाने वाले लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. स्थानीय लोगों का कहना है कि नाली की नियमित सफाई नहीं होने के कारण थोड़ी सी बारिश में ही सड़क पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है.
नाली की सफाई नहीं होने से बढ़ी परेशानी
स्थानीय लोगों के अनुसार, पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण दुकानदारों और राहगीरों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है. जलजमाव को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली.
लोगों ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब मामूली बारिश में ही सड़क की यह स्थिति हो जा रही है, तो तेज बारिश के दौरान क्या हाल होगा? लोगों ने पंचायत प्रशासन से नाली की तत्काल सफाई कराने और स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि बारिश के दिनों में आवागमन में परेशानी नहीं हो.
तेज बारिश में स्थिति और बिगड़ने की आशंका
स्थानीय लोगों का कहना है कि अकबरपुर बाजार में जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से बारिश के दौरान हर बार ऐसी स्थिति बनती है. लोगों ने पंचायत प्रशासन से समय रहते नाली की सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है.
क्या कहते हैं पदाधिकारी
बीडीओ अकबरपुर राधा रमण मुरारी ने कहा कि मुखिया और पंचायत सचिव को कई बार कहने के बाद भी अकबरपुर बाजार की सड़क नहीं बनायी जा रही है. इसके लिए वरीय पदाधिकारी के पास लिखा जायेगा.
Also Read : Weather Update: पटना में सुबह से छाए बादल,12 जिलों में येलो अलर्ट जारी; बिहार में फिर बदला मौसम का मिज़ाज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










