ePaper

बेस कैंप पर हमला में शामिल हार्डकोर नक्सली गुलशन यादव गिरफ्तार

Updated at : 18 Jul 2025 7:14 PM (IST)
विज्ञापन
बेस कैंप पर हमला में शामिल हार्डकोर नक्सली गुलशन यादव गिरफ्तार

गया जी जिले के महकार से एसटीएफ के सहयोग से नवादा पुलिस ने दबोचा

विज्ञापन

गया जी जिले के महकार से एसटीएफ के सहयोग से नवादा पुलिस ने दबोचा

प्रतिनिधि, नवादा कार्यालय.

बिहार विशेष कार्य बल के सहयोग से नवादा पुलिस ने वर्षों से फरार चल रहे हार्डकोर नक्सली को गिरफ्तार किया है. जानकारी के अनुसार, नवादा पुलिस और एसटीएफ को गया जी जिले के थाना महकार क्षेत्र में हार्डकोर नक्सली गुलशन यादव के छिपे होने की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी. इसके बाद बिहार एसटीएफ के नेतृत्व में जिला आसूचना इकाई नवादा और सिरदला थानाध्यक्ष मोहन कुमार के साथ संयुक्त अभियान चलाकर हार्डकोर नक्सली गुलशन यादव को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तारी के बाद नक्सल गुलशन यादव को एसटीएफ शिविर में पूछताछ के बाद सिरदला थानाध्यक्ष मोहन कुमार को सौंप दिया. वहां से गुरुवार की देर रात सिरदला पुलिस गिरफ्तार नक्सली को लेकर सिरदला थाना पहुंची. उसे शुक्रवार को सब इंस्पेक्टर नागेंद्र पासवान के नेतृत्व में पुलिस अभिरक्षा के साथ न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

बता दें कि गिरफ्तार नक्सली गुलशन यादव नवादा जिले के अलावे और भी कई थानों में दर्ज प्राथमिकी में नामजद रहा है. पुलिस सूत्रों की मानें, तो फिलहाल गुलशन यादव की गिरफ्तारी सिरदला थाना कांड संख्या 264/16 में हुई है. तिलैया-कोडरमा रेलखंड पर निर्माणाधीन खरौंध रेलवे स्टेशन के बेस कैंप पर तीन नवंबर 2016 को लेवी की मांग पूरी नहीं करने पर नक्सलियों ने हमला कर गोलीबारी की थी. ठेकेदारों और मजदूरों के साथ मारपीट कर कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया था. इसके बाद पुलिस की ओर से 63 माओवादियों को नामजद करते हुए सिरदला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. बता दें कि गिरफ्तार नक्सली गुलशन यादव गया जी जिले के महकार थाना क्षेत्र के मखदुमपुर निवासी फौदारी यादव का पुत्र है. वह नक्सली कांड दर्ज होने के बाद से फरार चल रहा था. उसे गुप्त सूचना के आधार पर महकार थाना क्षेत्र के गांव से एसटीएफ के सहयोग से सिरदला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

एक माह में आठ नक्सली गिरफ्तार

तीन नवंबर 2016 को जिले के सिरदला थाना क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन खरौंध रेलवे स्टेशन के बेस कैंप पर नक्सलियों ने हमला कर दिया था. खरौंध बेस कैंप पर ठेकेदार और मजदूरों के साथ मारपीट और गोलीबारी की थी. कई मशीनों और वाहनों को आग के हवाले कर दिया था. इस मामले में चार नवंबर 2016 को तत्कालीन थानाध्यक्ष राजकुमार ने 63 माओवादियों के खिलाफ कांड संख्या 264/16 दर्ज करायी थी. कांड दर्ज होने के शुरुआती महीनों में कुछ नक्सलियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस कार्रवाई में सुस्ती देखी गयी थी. लेकिन, पिछले एक माह में जिला पुलिस कप्तान अभिनव धीमान के निर्देश पर सिरदला थानाध्यक्ष मोहन कुमार की अगुआई में अब तक आठ नक्सलियों को एसटीएफ के सहयोग से गिरफ्तार किया जा चुका है. इसमें इंद्रजीत महतो, संतोष चौधरी, सोनू भुइंया, लालबाबू यादव, युधनाथ यादव, रवींद्र यादव उर्फ डॉक्टर, इंदल गिरि और शुक्रवार को गुलशन यादव को गिरफ्तार किया जा चुका है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ASHUTOSH KUMAR

लेखक के बारे में

By ASHUTOSH KUMAR

ASHUTOSH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन