जिला प्रशासन कर रहा ट्रेनों में भीड़ कंट्रोल

नवादा न्यूज : महाकुंभ, शादी-विवाह व परीक्षा के कारण ट्रेनों में यात्रा बन रही मुसीबत
नवादा न्यूज : महाकुंभ, शादी-विवाह व परीक्षा के कारण ट्रेनों में यात्रा बन रही मुसीबत
नवादा नगर.
किऊल-गया रेलखंड पर इन दिनों मुसीबतों से भरा सफर करने को यात्री मजबूर हैं. नवादा समेत विभिन्न स्टेशनों पर हालिया दिनों में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है. ऐसे में ट्रेनों की एक-एक बोगी में तीन गुना तक अधिक यात्री लद कर सफर करने को बाध्य हैं. इन दिनों महाकुंभ स्नान के लिए लोगों में आपाधापी मची है, तो दूसरी तरफ परीक्षाओं का दौर भी जारी है. अभी इंटर की परीक्षा खत्म हुई है. इन परीक्षार्थियों की घर वापसी हो ही रही है. इस बीच सोमवार से मैट्रिक की परीक्षा शुरू है. वर्तमान में एक साथ कई ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिये जाने से आम यात्रियों की परेशानी बढ़ी हुई है. महाकुंभ स्नान के लिए भी रवाना होने वाले यात्रियों को ट्रेनों में सीट नहीं मिलने पर जैसे-तैसे खड़े होकर या फर्श पर बैठ कर जाने की बाध्यता है. नवादा स्टेशन पर श्रद्धालु रेल यात्रियों की इतनी ज्यादा भीड़ उमड़ रही है कि रिजर्वेशन करा कर चलने वाले यात्री यहीं छूट जा रहे हैं. उल्लेखनीय है कि 26 फरवरी तक महाकुंभी स्नान का मुहूर्त है. इसके लिए अभी श्रद्धालुओं की रवानगी जारी रहेगी, जबकि इन दिनों कम ट्रेनों के परिचालन के कारण एक पर दो से तीन ट्रेनों का अधिभार यात्रियों को रूला रही है. एक-एक ट्रेन पर दो से तीन ट्रेनों का अधिभार रहने से यात्रियों की संख्या में गुणात्मक वृद्धि हो गयी है.इधर, नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ को लेकर नवादा में भी जिला प्रशासन अलर्ट है. सोमवार की देर शाम हमसफर एक्सप्रेस गोड्डा नयी दिल्ली में भीड़ को संभालने के लिए डीएम से लेकर एसडीओ तक नवादा रेलवे स्टेशन पर कड़ी निगाह रखे रहे. इसी प्रकार से बुधवार को प्रयागराज मेला स्पेशल ट्रेन को लेकर भी प्रशासनिक व्यवस्था रहेगी.
ट्रेन रद्द रहने से भी हो रही परेशानी
किऊल गया रेलखंड पर परिचालित चार जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिये जाने तथा कई ट्रेनों को दूसरे मार्ग से डायवर्ट कर दिये जाने के कारण किऊल-गया की यात्रा करने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गयी है. ट्रेन के इंतजार में यात्रियों को घंटों प्लेटफाॅर्म पर बिताना पड़ रहा है. ट्रेनों की कमी हो जाने से केजी रेलखंड के यात्री काफी परेशान हैं. किऊल-गया जाना मुश्किल हो रहा है. ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ के कारण हमेशा दुर्घटना की संभावना बनी रहती है. भारी भीड़ के चलते ट्रेन के गेट पर लटक कर बड़ी संख्या में यात्री सफर करने को मजबूर हो रहे हैं. ऐसे में कभी भी यात्री दुर्घटना के शिकार हो सकते हैं. ट्रेनों में भारी भीड़ को देखते हुए आरपीएफ के संजय कुमार मुर्मू तथा जीआरपी के मधुसूदन पासवान के दलबल अलावे डीएम के निर्देश पर सदर एसडीओ अखिलेश कुमार, सदर एसडीपीओ हुल्लास कुमार, नगर थाना इंस्पेक्टर अविनाश कुमार, सीओ विकेश कुमार व बीडीओ आलोक रंजन भीड़ को नियंत्रित कर टिकट वाले यात्रियों को बैठाते दिखे
क्या कहते है यात्री
ट्रेनों में भारी भीड़ के कारण परेशानी हो रही है. कम संख्या में ट्रेन का परिचालन हो रहा है. इसके कारण किऊल जाने के लिए दो घंटे से ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं.
मंटू कुमार, यात्रीकुंभ स्नान करने जाना है. ट्रेन में चाहे कितनी भी भीड़ हो, जाना तो है ही. किसी तरह ट्रेन पर सवार हो जायेंगे. उसके बाद मंजिल पर पहुंच ही जायेंगे.
सुनीता कुमारी,यात्रीएक महीने से अधिक समय से केजी रेलखंड पर यात्रा करना मुश्किल हो रहा है. कम संख्या में ट्रेनों के परिचालन के कारण भारी भीड़ का सामना करना पड़ रहा है.संतोष सिंह यात्री
परिवार के साथ कुंभ स्नान करने जा रहे हैं. ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं. दिल्ली में हुए हादसे की कोई जानकारी नहीं है. ट्रेन आने पर गया जायेंगे. उसके बाद प्रयागराज जायेंगे.पूनम कुमारी यात्री
क्या कहते हैं पदाधिकारी
रेलवे स्टेशन पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 26 फरवरी तक नगर थाना पुलिस के सहयोग से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर यात्रियों को ट्रेन में बैठने का काम जारी है. मेला स्पेशल बुधवार को नवादा से गुजरेगी. इसके लिए भी हम लोगों ने कमान संभाली है. सभी यात्रियों को योजनाबद्ध तरीके से ट्रेनों में बैठने का कार्य किया जा रहा है.
अखिलेश कुमार,
सदर एसडीओ नवादाडिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




