Bihar News: नवादा में पोते के छठियारा में ताबड़तोड़ फायरिंग, दादा के पेट में लगी गोली

Published by : Radheshyam Kushwaha Updated At : 03 Oct 2024 8:01 PM

विज्ञापन

आरा में पिकअप चालक को मारी गोली

Bihar News: नवादा में छठियारी भोज के दौरान घर के पास लेडी डांसरों का नाच गान हो रहा था, इस दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग किया जा रह था. तभी दादा को पेट में गोली लग गई.

विज्ञापन

Bihar News: नवादा के रजौली थाना क्षेत्र की जोगियामारण पंचायत के भड़रा गांव में बुधवार की रात पोते के छठियार में नाच के दौरान ताबड़तोड़ गोलियां चलने से दादा के पेट में गोली लग गयी. इससे दादा घायल हो गये. इस दौरान ग्रामीणों ने एक अपाची और एक बोलेरो के साथ दो लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. वहीं, गोली से घायल दादा को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया. अस्पताल में के डॉ गजेंद्र कुमार ने बताया कि बीती रात्रि के लगभग एक बजे भड़रा गांव निवासी योगी महतो के पुत्र नरेश यादव के पेट में गोली लगने से घायल हो गये थे. उनका प्राथमिक इलाज कर बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है.

खुशी के जगह पसरा मातम

इधर, गोली लगने वाले युवक के घर में खुशी के जगह मातम पसरा हुआ है. ग्रामीणों ने बताया कि नरेश यादव के पुत्र पिंटू यादव के बेटे की छठियारी थी. इसमें नाच के दौरान कुछ उपद्रवियों ने ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग कर दी. इसी दौरान फायरिंग में नरेश यादव के पेट में गोली लग गयी. फिलहाल घायल व्यक्ति का इलाज नवादा के किसी निजी अस्पताल में किया जा रहा है. वहीं, थाना परिसर में एक बोलेरो को जब्त कर लगाया गया है. इसका शीशा आदि फूटा हुआ है. एक अपाची मोटरसाइकिल भी जब्त की गयी है.

लेडी डांसर के कारण चलीं गोलियां

बुधवार की रात्रि छठियारी भोज के दौरान घर के पास कुछ लेडी डांसर को भी नाच-गान कार्यक्रम में बुलाया गया था. नाच कार्यक्रम में आयी एक डांसर का संबंधी किसी दूसरे ग्रुप से था. किंतु वह किसी और ग्रुप के माध्यम से नाच कार्यक्रम में नाचने चली आयी. इसको लेकर कुछ लोग बोलेरो और अपाची गाड़ी पर सवार होकर भड़रा गांव पहुंचे. गांव के विद्यालय के समीप बोलेरो वाहन लगाकर हाथ में पिस्तौल लहराते हुए कार्यक्रम में शामिल होने चले गये.

गोली चलने से मची अफरातफरी

इस दौरान नरेश यादव ने उनलोगों से खाना-पीना कर जाने की बात कही. इसी बीच गोली चलने से अफरातफरी मच गयी और एक गोली नरेश यादव के पेट में लग गयी. गोलीकांड कर भागने के क्रम में ग्रामीणों ने बोलेरो पर ईंट-पत्थर चलाकर उसे रोक लिया व एक बाइक को भी जब्त कर लिया. जबकि उपद्रवियों के भागने के दौरान न्यौता में आये एक युवक के पैर पर बोलेरो चढ़ा दिया गया. जिससे वो युवक भी घायल हो गया.

Also Read: Bihar News: किशनगंज में फाइनेंस कर्मी से लूट, गोली मारकर बदमाशों ने छीन लिए लाखों रुपए

क्या कहते हैं एसडीपीओ

इस बाबत एसडीपीओ गुलशन कुमार ने बताया कि भड़रा गांव में बुधवार की रात्रि एक बच्चे की छठियारी के उत्सव के मौके पर नाच कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इसी बीच रात्रि को गोलियां चलने की सूचना थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर राजेश कुमार को मिली. सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने दो लोगों व एक बोलेरो व एक अपाची बाइक को पकड़ कर दिया. घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है. घायल के परिजन से अब तक लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. हालांकि, घटना के पीछे एक लेडी डांसर का इस कार्यक्रम में शामिल होना है.

इसके साथ ही बताया कि थानाध्यक्ष को घायल व्यक्ति से फर्द ब्यान लेने को निर्देशित किया गया है. एसडीपीओ ने आमलोगों से अपील की है कि ग्रामीण क्षेत्रों में शादी, तिलक, छठियारी आदि खुशी के मौके पर अश्लील कार्यक्रम आयोजित नहीं करें. बल्कि, धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन करें. उन्होंने कहा कि पुलिस हर बिंदुओं पर अनुसंधान में जुटी हुई है. घटना की गहनता से जांच के लिए एफएसएल टीम को भी सूचित किया गया है.

घटना को लेकर केस दर्ज, नौ लोग नामजद, दो गिरफ्तार

घटना को लेकर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल नरेश यादव के फर्द ब्यान पर केस दर्ज कर चुकी है. थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि घायल नरेश यादव के फर्द ब्यान के आलोक में नौ नामजद लोगों के विरुद्ध व तीन अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

वहीं, घटना में बोलेरो वाहन जब्त की गयी है. घटना में शामिल दो लोगों नावाडीह गांव निवासी उमेश सिंह के पुत्र रोहित कुमार व शिवालक प्रसाद के पुत्र रोहित कुमार को गिरफ्तार किया गया है. जिसे शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया जायेगा. साथ ही बताया कि घटना में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

विज्ञापन
Radheshyam Kushwaha

लेखक के बारे में

By Radheshyam Kushwaha

राधेश्याम कुशवाहा ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से MJ (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म) की शिक्षा प्राप्त करने के बाद अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत भोपाल से प्रकाशित राज एक्सप्रेस समाचार पत्र से की. इसके बाद उन्होंने समय जगत, राजस्थान पत्रिका और हिंदुस्तान जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं. वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में धर्म, अध्यात्म एवं राशिफल डेस्क पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में 13 वर्षों का अनुभव रखने वाले राधेश्याम कुशवाहा को ज्योतिष शास्त्र, पंचांग गणना, ग्रह गोचर, नक्षत्र परिवर्तन, व्रत-त्योहारों की तिथियों तथा शुभ मुहूर्तों का गहन ज्ञान है. अपनी विशेषज्ञता के आधार पर वे धर्म-अध्यात्म और राशिफल से जुड़ी सटीक, तथ्यपरक एवं विश्वसनीय खबरें लिखते हैं. धार्मिक ग्रंथों के अध्ययन में उनकी विशेष रुचि है. इसके अलावा राजनीति, अपराध और प्रेरणादायक (पॉजिटिव) विषयों पर लेखन में भी उनकी गहरी रुचि है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन