कई सीओ व परिवहन अधिकारी से जवाब तलब

Updated at : 24 Jan 2017 8:56 AM (IST)
विज्ञापन
कई सीओ व परिवहन अधिकारी से जवाब तलब

शत-प्रतिशत राजस्व वसूली के लक्ष्य को लेकर डीएम सख्त आंतरिक संसाधन की बैठक में डीएम ने की विभागों के राजस्व वसूली की समीक्षा ओवरलोडेड वाहनों को अभियान चलाकर पकड़ने का दिया निर्देश नवादा : शत-प्रतिशत राजस्व वसूली के लक्ष्य को लेकर डीएम ने सोमवार को बैठक में अधिकारियों की जम कर क्लास लगायी. डीएम मनोज […]

विज्ञापन
शत-प्रतिशत राजस्व वसूली के लक्ष्य को लेकर डीएम सख्त
आंतरिक संसाधन की बैठक में डीएम ने की विभागों के राजस्व वसूली की समीक्षा
ओवरलोडेड वाहनों को अभियान चलाकर पकड़ने का दिया निर्देश
नवादा : शत-प्रतिशत राजस्व वसूली के लक्ष्य को लेकर डीएम ने सोमवार को बैठक में अधिकारियों की जम कर क्लास लगायी. डीएम मनोज कुमार ने समाहरणालय सभागार में आयोजित आंतरिक संसाधन की बैठक में विभिन्न विभागों के राजस्व वसूली की समीक्षा के क्रम में निर्धारित लक्ष्य हासिल करने को कहा. उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बरदाश्त नहीं की जायेगी. डीएम ने रजौली चेक पोस्ट के दोनों प्रवर्तन पदाधिकारियों को लक्ष्य से काफी कम राजस्व वसूली के कारण फटकार लगाते हुए स्पष्टीकरण मांगा है.
उन्होंने उपस्थित जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि प्रवर्तन पदाधिकारियों के ड्यूटी रोस्टर को बदलें. डीएम ने ओवरलोडेड वाहनों विशेषकर गिट्टी लदे वाहनों को नियमित रूप से अभियान चलाकर पकड़ने का निर्देश दिया. उन्होंने डीटीओ को निर्देश दिया कि पिछले छह माह में जितनी भी गाड़ियां पकड़ी गयी हैं, उनके नंबरों की जांच कर लें ताकि यह पता चल सके कि किस प्रकार की गाड़ियां पकड़ी जा रही है.
माप तौल विभाग की समीक्षा के क्रम में डीएम ने निर्देश दिया कि जिले के हाट बाजारों में अभियान चला कर कैंप करें, ताकि राजस्व को बढ़ाया जा सके. वन प्रमंडल विभाग की समीक्षा के क्रम में डीएम ने अवैध आरा मशीनों पर अभियान चला कर छापेमारी करने का निर्देश दिया. नीलाम पत्र में कम वसूली को लेकर सीओ गोविंदपुर, कौआकोल व नारदीगंज सहित छह सीओ पर स्पष्टीकरण का निर्देश दिया.
डीएम ने बैठक में अनुपस्थित जिला सहकारिता पदाधिकारी व भूमि विकास बैंक के पदाधिकारी को स्पष्टीकरण करने का निर्देश दिया. नगर पर्षद नवादा व नगर पंचायत हिसुआ व वारिसलीगंज की समीक्षा के क्रम में पाया गया कि लक्ष्य के अनुरूप वसूली नहीं हो पा रही है.
डीएम ने तीनों कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान चला कर अगले महीने तक लक्ष्य को हर हाल में प्राप्त करें. इसके अतिरिक्त औषधि निरीक्षक, वाणिज्य विभाग, मत्स्य विभाग, परिवहन विभाग, खनन विभाग आदि की समीक्षा डीएम द्वारा की गयी. बैठक में अपर समाहर्ता धीरेंद्र कुमार झा, जिला परिवहन पदाधिकारी ब्रजेश कुमार, निर्देशक डीआरडीए वीणा प्रसाद, जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी अनुपमा, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पर्षद कृष्ण मुरारी, डीसीएलआर रजौली अखिलेश कुमार, वाणिज्यकर उपायुक्त आदित्य प्रसाद, जिला खनन पदाधिकारी आदि पदाधिकारी उपस्थित थे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन