रूनकी-झुनकी बेटी मांगीले, पढ़ल पंडितवा दामाद...

Updated at : 05 Nov 2016 7:49 AM (IST)
विज्ञापन
रूनकी-झुनकी बेटी मांगीले, पढ़ल पंडितवा दामाद...

पूजा-पाठ. छठव्रतियों ने भगवान भास्कर की आराधना कर नहाय-खाय का प्रसाद किया ग्रहण, माहौल भक्तिमय नवादा नगर : नहाय-खाय के साथ महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान शुरू हो गया. घरों की साफ-सफाई कर पूरी पवित्रता के साथ शुक्रवार को छठव्रतियों ने कद्दू की सब्जी व अरवा चावल का भात बना कर प्रसाद ग्रहण किया. […]

विज्ञापन
पूजा-पाठ. छठव्रतियों ने भगवान भास्कर की आराधना कर नहाय-खाय का प्रसाद किया ग्रहण, माहौल भक्तिमय
नवादा नगर : नहाय-खाय के साथ महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान शुरू हो गया. घरों की साफ-सफाई कर पूरी पवित्रता के साथ शुक्रवार को छठव्रतियों ने कद्दू की सब्जी व अरवा चावल का भात बना कर प्रसाद ग्रहण किया. महापर्व के लिए प्रसाद बनाने को कई घरों मे नदी से जल भरकर ले जाया गया. छठ को पवित्रता के साथ जोड़ा गया है. सामूहिकता का दर्शन हर व्रती के यहां देखा गया, जहां परिवार के सभी सदस्य एकजुट होकर नहाय-खाय का प्रसाद बनाने में मदद करते दिखे.
प्रसाद के रूप में अरवा चावल का भात, चना दाल, कद्दू की सब्जी के साथ अगस्त फूल का पकौड़ा आदि खाया गया. गली-मुहल्लों में व्रत की शुरुआत होने के साथ ही पवित्रता का अहसास होने लगा है. शनिवार को लोहंडा का प्रसाद ग्रहण करने के बाद छठ व्रती दो दिनों की निर्जला उपवास कर अस्ताचल व उदयीमान सूर्य को अर्घ देने के बाद ढेकुआ, लड़ुआ व फलों का प्रसाद ग्रहण कर व्रत समाप्त करेंगे. पूरे क्षेत्र में छठ माता के बजते गीत रूनकी-झुनकी बेटी मांगीले, पढ़ल पंडितवा दामाद… से माहौल भक्तिमय हो गया है.
साफ-सफाई का काम पूरा : छठ घाटों को तैयार करने व सड़कों की साफ-सफाई का काम लगभग पूरा हो गया है. नगर के सबसे प्रमुख मिर्जापुर छठ घाट के सभी पक्का तालाबों की सफाई कर खुरी नदी को अर्थमूवर से चार भाग में बांट कर घाट बनाया गया है. व्रती सही तरीके से दौरा रख कर भगवान भास्कर को अर्घ दे सकें, इसके लिए पर्याप्त स्थान बनाने का काम किया गया है.
पारनवादा क्षेत्र से आनेवाले व्रतियों के लिए भी आगे तक घाट बनाया गया है. नगर के अन्य सूर्य घाटों को भी तैयार करने का काम कर लिया गया है. गढ़पर छठ घाट, गाणावां छठ घाट, न्यू एरिया में बने नये घाट, मंगरबिगहा सूर्य घाट, शोभ मंदिर आदि को तैयार कर लिया गया है.
होंगे विभिन्न आयोजन : जिला मुख्यालय में छठ को लेकर खास इंतजाम किये गये हैं. नगर के हाट पर पुरानी जेल रोड में भव्य जागरण का आयोजन होगा. आरपी साहू की अध्यक्षता में होनेवाले जागरण कार्यक्रम में कई दूसरे राज्यों के कलाकार पहुंचेंगे. नगर के इंदिरा गांधी चौक में भी भव्य जागरण होगा. इसके अलावे पुरानी बाजार, फूल गली, सोनारपट्टी रोड, गोला रोड सहित अन्य सड़कों को आकर्षक लाइट व फूलों से सजाया जायेगा तथा सूर्य भगवान की प्रतिमा स्थापित की जायेगी.
सेवा शिविर लगाने की तैयारी : सूर्यधाम मंदिर में विभिन्न संगठनों द्वारा सेवा शिविर लगाने की व्यवस्था की जा रही है. रोटरी क्लब, बजरंग दल, प्रगति फाउंडेशन आदि विभिन्न संगठनों द्वारा सेवा शिविर लगाया जायेगा. इसमें खोया-पाया, शरबत, चाय आदि की मुफ्त व्यवस्था करने की तैयारी है.
आम की लकड़ी की बिक्री : खरना का प्रसाद बनाने के लिए बाजारों में मिट्टी के चूल्हा के साथ ही आम का लकड़ी, गोबर के उपले आदि की खरीदारी हो रही है. खरना के लिए जलावन का समान लोग शुक्रवार को ही तैयार कर रहे थे. नये युग के साथ प्रसाद बनाने के लिए गैस का भी इस्तेमाल कुछ लोग करने लगे हैं, लेकिन आज भी अधिकतर स्थानों पर प्रसाद बनाने के लिए पारंपरिक जलावन का इस्तेमाल किया जा रहा है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन