अज्ञात वाहन की टक्कर से आहर में डूबा बाइक सवार, मौत

Updated:
विज्ञापन
अज्ञात वाहन की टक्कर से आहर में डूबा बाइक सवार, मौत

प्रखंड के परनाडाबर थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गयी.

विज्ञापन

हादसा. परनाडाबर थाना क्षेत्र में मुरली मोड़ के पास छत्र बांध आहर के पास हुआ हादसा

हादसे में साथी की बाल-बाल बची जान, परिजनों में मचा कोहराम

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, अज्ञात वाहन की तलाश जारी

फोटो कैप्शन-अस्पताल में लगी भीड़़

सिरदला, प्रतिनिधि

प्रखंड के परनाडाबर थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गयी. मुरली मोड़ के पास छत्र बांध आहर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक आहर में जा गिरा और गहरे पानी में डूबने से उसकी जान चली गयी. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी है, वहीं, मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मिली जानकारी के अनुसार, कांटी गांव निवासी स्वर्गीय किशोरी विश्वकर्मा के पुत्र संतोष कुमार उर्फ अंकुश अपने साथी सोनू कुमार के साथ बाइक से खटांगी गांव जा रहे थे. शाम के समय जब वे छत्र बांध आहर के समीप पहुंचे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सीधे आहर में जा गिरी. हादसे में पीछे बैठा सोनू कुमार आहर के किनारे गिरने के कारण मामूली रूप से घायल हुआ, जबकि बाइक चला रहे संतोष कुमार गहरे पानी में चले गये. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.

सूचना पर पहुंची पुलिस

सूचना मिलते ही परनाडाबर थानाध्यक्ष हरिकांत कुमार और एसआइ संतोष कुमार सिंह 112 डायल टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से आहर में काफी मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया. उसे तत्काल इलाज के लिए सिरदला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ उपेंद्र कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. डॉक्टर के अनुसार, युवक के सिर पर गंभीर चोट थी और वह काफी देर तक पानी में डूबा रहा था. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया, जहां अंतःपरीक्षण के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है. इधर, घायल सोनू कुमार का इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है. पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की पहचान के लिए छानबीन शुरू कर दी है. स्थानीय प्रशासन ने परिजनों को ढांढस बंधाया है.

विज्ञापन
Vishal Kumar

लेखक के बारे में

By Vishal Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन