बाबा गरीबनाथ मंदिर के पास अतिक्रमण हटाने पर हंगामा, दुकानदारों ने प्रशासनिक टीम को घेरा

Updated:
विज्ञापन

हंगामा करते फुल दुकानदार

बाबा गरीबनाथ मंदिर मार्ग पर अतिक्रमण हटाने गई प्रशासनिक टीम को दुकानदारों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा. अचानक हुई कार्रवाई से नाराज दुकानदारों ने टीम को घेरकर हंगामा किया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई.

विज्ञापन

Muzaffarpur News: बाबा गरीबनाथ मंदिर के पास फूल-माला की दुकानें हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को दुकानदारों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा. मुशहरी अंचलाधिकारी (सीओ) के नेतृत्व में पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम को आक्रोशित दुकानदारों ने घेर लिया और जमकर हंगामा किया. स्थिति तनावपूर्ण होने के बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को शांत कराया.

दुकानें हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम का विरोध

अतिक्रमण हटाने के लिए सीओ और पुलिस टीम मंदिर मार्ग के पास पहुंची थी. कार्रवाई शुरू होते ही बड़ी संख्या में दुकानदार मौके पर जुट गए और प्रशासन के खिलाफ विरोध जताने लगे. कुछ देर में स्थिति हंगामे में बदल गई और दुकानदारों ने प्रशासनिक टीम को घेर लिया.

बिना पूर्व सूचना कार्रवाई का दुकानदारों ने लगाया आरोप

दुकानदारों का आरोप है कि प्रशासन और पुलिस की टीम ने बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक कार्रवाई शुरू कर दी. उनका कहना है कि कार्रवाई के दौरान दुकानों में रखा फूल-माला समेत अन्य सामान उठाकर फेंक दिया गया, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है.

दुकानदारों ने कहा कि वे वर्षों से इसी स्थान पर दुकान लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं. अचानक दुकान हटाए जाने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है.

अतिरिक्त पुलिस बल ने संभाली स्थिति

दुकानदारों के विरोध और बढ़ते हंगामे की सूचना के बाद अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर भेजा गया. पुलिसकर्मियों ने दुकानदारों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया. इसके बाद प्रशासन की ओर से दुकानदारों से बातचीत का प्रयास शुरू किया गया.

श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए हटाया जा रहा अतिक्रमण

मुशहरी सीओ ने बताया कि बाबा गरीबनाथ मंदिर मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी. प्रशासन का कहना है कि मंदिर के आसपास रास्ते को सुगम और व्यवस्थित रखना जरूरी है.

दुकानदारों से वार्ता कर समाधान की कोशिश

फिलहाल प्रशासन और दुकानदारों के बीच बातचीत के जरिए स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है. दुकानदारों की ओर से अपने नुकसान और रोजी-रोटी से जुड़े मुद्दों को प्रशासन के समक्ष रखा गया है. आगे की कार्रवाई वार्ता के बाद तय होने की संभावना है.

यह भी पढ़ें: एसएसपी की क्राइम मीटिंग: 22 बेल जंपर्स की रद्द होगी जमानत, थानेदारों को कड़ा अल्टीमेटम


विज्ञापन
Kumar Gaurav

लेखक के बारे में

By Kumar Gaurav

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन