'मिशन विधि पालक युवक' अभियान: 'पुलिस दीदी' ने 900 से अधिक छात्राओं को सिखाया सुरक्षा का पाठ
बच्चों को सुरक्षा के गुर सिखाती पुलिस दीदी
मुजफ्फरपुर में मिशन विधि पालक युवक के तहत अभया ब्रिगेड और पुलिस दीदी ने 900 छात्राओं को सुरक्षा, साइबर अपराध और कानून के प्रति जागरूक किया।
Mission Vidhi Palak: बिहार पुलिस मुख्यालय पटना के निर्देशानुसार मुजफ्फरपुर जिले में चलाए जा रहे ‘मिशन विधि पालक युवक’ अभियान के तहत छात्राओं को आत्मनिर्भर व जागरूक बनाने के लिए विशेष पहल की गई है. अभियान के अंतर्गत ‘अभया ब्रिगेड’ और ‘पुलिस दीदी’ की टीम ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के स्कूलों में पहुंचकर जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया. इस दौरान टीम ने 900 से अधिक छात्राओं को कानून, सुरक्षा और अधिकारों की जानकारी देकर जागरूक किया.
आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 और 1930 की दी जानकारी
जागरूकता सत्र में पुलिस अधिकारियों व जवानों ने स्कूली छात्राओं से सीधा संवाद किया. किसी भी विषम परिस्थिति या परेशानी में त्वरित मदद पाने के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों जैसे 112 (इमरजेंसी रिस्पॉन्स) और 1930 (साइबर क्राइम हेल्पलाइन) के प्रयोग के बारे में विस्तार से समझाया गया. ‘पुलिस दीदी’ ने छात्राओं को आश्वस्त किया कि किसी भी तरह के उत्पीड़न या संदिग्ध व्यवहार पर डरने की जरूरत नहीं है, वे बिना किसी झिझक के पुलिस से मदद लें.
साइबर अपराध से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के बताए टिप्स
कार्यक्रम में महिला व बाल सुरक्षा, नशामुक्ति और सड़क सुरक्षा के साथ-साथ साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया.
- डिजिटल सतर्कता: सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने और अनजान लिंक पर क्लिक न करने की सलाह दी गई.
- जागरूकता का उद्देश्य: बच्चों में कानून के प्रति सम्मान विकसित करना, ट्रैफिक नियमों का पालन सिखाना और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है.
- शिक्षकों ने की सराहना: पुलिस की इस अनूठी पहल की स्कूली शिक्षकों और अभिभावकों ने जमकर तारीफ की है.
ये भी पढ़ें: एसएसपी की क्राइम मीटिंग: 22 बेल जंपर्स की रद्द होगी जमानत, थानेदारों को कड़ा अल्टीमेटम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










