Sawan 2025: सावन की पहली सोमवारी पर गरीबनाथ में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, 50 हजार भक्तों ने किया जलाभिषेक
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 14 Jul 2025 9:06 PM
मंदिर उमड़ी भक्तों की भीड़
Sawan 2025: मुजफ्फरपुर के गरीबनाथ मंदिर में सावन की पहली सोमवारी पर कांवरियों और स्थानीय भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी. करीब 50 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा गरीबनाथ का जलाभिषेक किया. सुरक्षा के बीच दोपहर एक बजे तक जलाभिषेक का सिलसिला चलता रहा. शहर के अन्य शिवालयों में भी भक्तों का तांता लगा रहा.
Sawan 2025: सावन की पहली सोमवारी पर कांवरियों के अलावा स्थानीय भक्तों की काफी भीड़ रही. रविवार की रात्रि तीन बजे तक कांवरियों की संख्या काफी कम हो गयी थी, लेकिन स्थानीय भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी. जलाभिषेक का सिलसिला दोपहर एक बजे तक चला. मंदिर के प्रधान पुजारी पं. विनय पाठक ने कहा कि कांवरियों और स्थानीय भक्तों को मिला कर करीब 50 हजार लोगों ने बाबा का जलाभिषेक किया.
अघोरिया बाजार से गरीबनाथ मंदिर तक बैरिकेडिंग
भक्तों को सुरक्षित तरीके से जलाभिषेक के लिये अघोरिया बाजार से गरीबनाथ मंदिर तक बैरिकेडिंग लगाया गया था. इस मार्ग में अन्य रास्तों से भक्तों को बैरिकेडिंग के अंदर प्रवेश करने पर रोक थी, लेकिन स्थानीय भक्त विभिन्न जगहों से बैरिकेडिंग के अंदर घुस गये. गरीबनाथ मंदिर के पास जिस रास्ते से प्रवेश नहीं था, उस रास्ते से भक्तों ने जलाभिषेक के लिये प्रवेश किया. इस कारण सुबह पांच बजे गरीबनाथ मंदिर के पास कांवरियों की काफी भीड़ जमा हो गयी.
स्वयंसेवकों और पुलिस बल ने संभाला भीड़
हालांकि स्वयंसेवकों और पुलिस बल ने किसी तरह भीड़ को संभाला और कांवरियों सहित भक्तों को सुरक्षित जलाभिषेक कराया. मंदिर के प्रधान पुजारी पं.विनय पाठक के आग्रह के बाद भी स्थानीय भक्त अहले सुबह से ही बाबा का जलाभिषेक करने पहुंचने लगे. इस बार कांवरियों की संख्या कम होने के कारण जलाभिषेक में बाधा नहीं आयी, लेकिन दूसरी सोमवारी पर ऐसी ही व्यवस्था रही तो भीड़ नियंत्रित करना मुश्किल हो जायेगा.
सुबह चार बजे से स्वयंसवेकों ने संभाली कमान
रविवर की रात्रि में कांवरियों की संख्या कम होने के कारण बाबा को जलाभिषेक करने में परेशानी नहीं हुई. इस दौरान कांवरिया मार्ग में तैनात स्वयंसेवी दलों के सदस्यों को कांवरियों को सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ाने की जरूरत नहीं पड़ी. हालांकि सोमवार की सुबह चार बजे जब स्थानीय भक्तों की भीड़ बढ़ी तो स्वयंसवेकों ने कमान संभाली. पुरानी बाजार, माखन साह चौक, सर्राफा बाजार और गरीबनाथ मंदिर के समीप स्वयंसेवक भीड़ नियंत्रित करते रहे. पुलिस प्रशासन की टीम भी पूरी मुस्तैद दिखी. पुरुष और महिला भक्तों को पंक्तिबद्ध कराते हुये उन्हें आगे बढ़ाते रहे.
अन्य शिवालयों में भी जलाभिषेक का तांता
पहली सोमवारी पर शहर के अन्य शिव मंदिरों में भी जलाभिषेक के लिए तांता लगा रहा. पुरानी बजार, सोडा गोदाम चौक, सरैयागंज, पंकज मार्केट, कल्याणी सहित अन्य शिव मंदिरों में सुबह से ही जलाभिषेक के लिए भक्तों का तांता लगा रहा. गरीबनाथ मंदिर में भीड़ होने के कारण कई मुहल्लों के महिला और पुरुष भक्तों ने अपने आसपास के शिव मंदिरों में जलाभिषेक किया. शहर के चार जगहों पर नगर निगम की ओर से रखे गए गंगा जल के टैंकर से भक्तों को काफी सुविधा हुई. टैंकर से गंगा जल भर कर भक्तों ने मंदिरों में जलाभिषेक किया. अधिकतर घरों की महिलाओं ने सोमवारी का व्रत रखा और शाम में शिव पूजा और आरती के बाद फलाहार ग्रहण किया.
Also Read: बिहार का ये जिला बनेगा उद्योग हब, 500 एकड़ में विकसित होगा इंडस्ट्रियल जोन, युवाओं को मिलेगा रोजगार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










