मुजफ्फरपुर में बवाल: कटही पुल सब्जी मंडी में चला बुलडोजर, निगम और ठेकेदार के बीच तीखी बहस

Edited by SUMIT KUMAR
Updated:
विज्ञापन

कटही पुल सब्जी मंडी में चला बुलडोजर

Muzaffarpur Sabzi Mandi Bulldozer Action: मुजफ्फरपुर के कटही पुल सब्जी मंडी में नगर निगम ने बुलडोजर चलाकर सैकड़ों दुकानें हटा दीं. 21 लाख में बंदोबस्ती के बावजूद बिना नोटिस हुई इस कार्रवाई से नाराज दुकानदार और ठेकेदार अब निगम प्रशासन से जवाब मांग रहे हैं.जानिए पूरी खबर…

विज्ञापन

मुजफ्फरपुर से देवेश कुमार की रिपोर्ट

Muzaffarpur Sabzi Mandi Bulldozer Action: मुजफ्फरपुर शहर के व्यस्त कटही पुल स्थित सब्जी मंडी में शुक्रवार दोपहर उस समय भारी अफरा-तफरी मच गई, जब नगर निगम की टीम बुलडोजर और भारी पुलिस बल के साथ अतिक्रमण हटाने पहुंची.मुशहरी अंचलाधिकारी (सीओ) के नेतृत्व में हुई इस अचानक कार्रवाई से दुकानदारों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. देखते ही देखते सैकड़ों अस्थायी दुकानें ध्वस्त कर दी गईं.पीड़ित दुकानदारों का आरोप है कि प्रशासन ने कार्रवाई से पहले कोई नोटिस नहीं दिया और न ही क्षेत्र में कोई माइकिंग कराई गई. इस कार्रवाई के कारण कई दुकानदारों की सब्जियां और अन्य सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गए, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.

21 लाख में हुई है बंदोबस्ती, ठेकेदार ने उठाए प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल

मंडी में बुलडोजर चलने के बाद नगर निगम प्रशासन और मंडी के ठेकेदार आमने-सामने आ गए हैं. ठेकेदार ने इस प्रशासनिक कार्रवाई पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि नगर निगम ने 21 लाख रुपये से अधिक की अग्रिम राशि लेकर 31 मार्च 2027 तक के लिए इस सब्जी मंडी की बंदोबस्ती (ठेका) की है. जब निगम ने नियम के तहत राशि जमा कराकर दुकान संचालन की अनुमति दी है, तो फिर बिना किसी पूर्व सूचना के दुकानें उजाड़ने का क्या औचित्य है? सूत्रों के मुताबिक, इस मुद्दे पर ठेकेदार और निगम अधिकारियों के बीच मौके पर ही तीखी बहस भी हुई.

सब्जी मंडी में चला बुलडोजर

यातायात सुचारु बनाने के लिए की गई कार्रवाई:प्रशासन

इधर, जिला प्रशासन का कहना है कि कटही पुल सब्जी मंडी के आसपास सड़क पर दुकानें सजने के कारण रोजाना भीषण जाम लग रहा था. स्थानीय लोगों और राहगीरों को हो रही परेशानी की शिकायतें लगातार जिला प्रशासन तक पहुंच रही थीं. सार्वजनिक रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से ही यह कदम उठाया गया है. हालांकि, इस कार्रवाई के बाद से नगर निगम के कामकाज की शैली पर सवाल उठ रहे हैं और प्रभावित दुकानदारों में निगम प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है

विज्ञापन
SUMIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन