Muzaffarpur News: अब स्मार्ट बनेंगी पंचायतें, खुलेगा लर्निंग सेंटर, चलेंगे डिजिटल क्लास रुम

स्मार्ट बनेंगी पंचायतें
Muzaffarpur News:पंचायती राज व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए जिलों की पांच-पांच पंचायतों में 'लर्निंग सेंटर' खुलेंगे. इन केंद्रों में डिजिटल क्लासरूम और लाइब्रेरी होगी, जहां पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों को प्रशिक्षित कर विकास लक्ष्यों को पूरा किया जाएगा.पढ़ें पूरी खबर…
Muzaffarpur News: पंचायती राज व्यवस्था को और अधिक सशक्त और आधुनिक बनाने की दिशा में अब राज्य की चुनिंदा पंचायतों में ‘लर्निंग सेंटर’ (पंचायत ज्ञान केंद्र) खोले जाएंगे.भारत सरकार की ‘राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान’ (आरजीएसए) योजना के तहत विभाग ने सभी जिलों से वैसी पांच-पांच पंचायतों की सूची मांगी है, जिनका चयन बेहतर प्रदर्शन के आधार पर किया जाना है. जिले में भी इन केंद्रों की स्थापना को लेकर प्रशासनिक कवायद तेज हो गई है.
पंचायतों में विकसित होंगे डिजिटल क्लासरूम और लाइब्रेरी
इन लर्निंग सेंटरों का मुख्य उद्देश्य पंचायतों के निर्वाचित प्रतिनिधियों और स्थानीय कर्मियों को प्रशिक्षित करना है. यहां डिजिटल क्लासरूम, इंटरनेट कनेक्टिविटी और एक समृद्ध लाइब्रेरी की व्यवस्था होगी. इससे न केवल पंचायत प्रतिनिधि सरकारी योजनाओं की बारीकियों को समझ सकेंगे, बल्कि स्थानीय ग्रामीण और युवा भी डिजिटल साक्षरता और अन्य सरकारी सेवाओं से रूबरू हो सकेंगे. जिला पंचायती राज कार्यालय के अनुसार, इन केंद्रों के माध्यम से सतत विकास लक्ष्यों को स्थानीय स्तर पर लागू करने में मदद मिलेगी.
चयन के लिए विभाग ने तय किए मानक
लर्निंग सेंटर के लिए पंचायतों का चयन रैंडम तरीके से नहीं, बल्कि उनके पिछले ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर होगा. विभाग ने इसके लिए मुख्य रूप से चार मानक निर्धारित किए हैं
- वैसी ही पंचायतों का चयन होगा, जिनके पास अपना पूर्ण कार्यात्मक पंचायत सरकार भवन उपलब्ध है.
- जिन पंचायतों को पूर्व में राष्ट्रीय स्तर पर दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सतत विकास पुरस्कार या अन्य सम्मान मिला है, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी.
- ई-ग्राम स्वराज पोर्टल और अन्य डिजिटल टूल्स के बेहतर उपयोग वाली पंचायतों को तवज्जो मिलेगी.
- जल संरक्षण, स्वच्छता या शिक्षा के क्षेत्र में विशेष कार्य करने वाली पंचायतों का प्रोफाइल मांगा गया है.
जिले की 5 पंचायतों पर नजर
जिले में पंचायत लर्निंग सेंटर के लिए वैसे भवनों को चिह्नित किया जा रहा है, जो आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं. विभागीय अधिकारियों का कहना है कि अगले कुछ हफ्तों में चयनित पंचायतों की अंतिम सूची मुख्यालय को भेज दी जाएगी. इसके बाद बजट आवंटन के साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट का काम शुरू हो जाएगा. उम्मीद जताई जा रही है कि चालू वित्तीय वर्ष के भीतर ही ये केंद्र काम करना शुरू कर देंगे.
:मुजफ्फरपुर से मुख्य संवाददाता प्रभात कुमार की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










