Muzaffarpur News: पैर फिसलने से पोखरे में डूबा तीसरी कक्षा का छात्र, मौत से परिवार में कोहराम
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 26 May 2026 8:42 PM
पैर फिसलने से पोखरे में डूबा तीसरी कक्षा का छात्र,
Muzaffarpur News:मुजफ्फरपुर के साहेबगंज हुस्सेपुर नयाटोला में तीसरी कक्षा के छात्र विराज कुमार (10) की पोखरे में डूबने से मौत हो गई. स्कूल से छुट्टी के बाद पैर फिसलने से यह दर्दनाक हादसा हुआ.पढे़ं पूरी खबर…
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिला के साहेबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हुस्सेपुरनयाटोला गांव में मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है. यहां एक पोखरे में डूब जाने के कारण 10 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई. मृतक बच्चे की पहचान हरेंद्र राय के पुत्र विराज कुमार के रूप में की गई है. इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मची हुई है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है .
स्कूल से छुट्टी के बाद दोस्तों के साथ गया था चौर
हुस्सेपुर के मुखिया अमलेश राय एवं स्वच्छता पर्यवेक्षक चंदन कुमार ने घटना के संबंध में बताया कि विराज कुमार स्थानीय विद्यालय में तीसरी कक्षा का छात्र था. मंगलवार को विद्यालय में छुट्टी होने के बाद वह अपने कुछ साथियों के साथ गांव के पास स्थित चौर(जलजमाव वाला इलाका) की तरफ गया था. इसी दौरान चौर में बने एक गहरे पोखरे के समीप अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया .
बच्चों के शोर मचाने पर दौड़े ग्रामीण, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
विराज को पानी में डूबता देख उसके साथ मौजूद बच्चों ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया. बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला. लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और मासूम विराज की सांसें थम चुकी थीं .
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए
घटना की जानकारी मिलते ही साहेबगंज थाने के दारोगा गोवर्धन प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) भेजा दिया है .परिजनों ने बताया कि विराज तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा और सबका लाडला था. उसके पिता मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं. इस हादसे के बाद मां और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण उन्हें ढांढस बंधाने में जुटे हैं .
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










