Muzaffarpur News: बेटी के घर लीची व आम लेकर जा रहे बाइक सवार को बोलेरो ने रौंदा, तीन घंटे तक एनएच जाम कर हंगामा
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 26 May 2026 9:21 PM
बेटी के घर लीची व आम लेकर जा रहे बाइक सवार को बोलेरो ने रौंदा
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के न्यू बाइपास फोरलेन पर बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार राकेश कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने अंडरपास की मांग को लेकर 3 घंटे तक एनएच जाम कर हंगामा किया.पढे़ं पूरी खबर…
मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिला के सदर थाना क्षेत्र के न्यू बाइपास फोरलेन स्थित मादापुर चौबे गांव के पास मंगलवार की दोपहर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है. यहां एक अनियंत्रित बोलेरो ने बाइक सवार अधेड़ को बुरी तरह रौंद दिया. जख्मी व्यक्ति की पहचान मीनापुर थाना के जमीन मठिया निवासी राकेश कुमार सिंह (56) के रूप में की गई है. घटना के बाद बोलेरो चालक गाड़ीछोड़कर मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है .
बेटी के घर लीची-आम लेकर जा रहे थे पीड़ित
जानकारी के अनुसार, राकेश कुमार सिंह मंगलवार की दोपहर अपनी बेटी और दामाद अरुण पांडेय के घर मादापुर चौबे जा रहे थे. वे अपनी बाइक पर गांव से आम, लीची और कटहल लेकर निकले थे. जैसे ही वे एनएच पर बने कट के पास पहुंचे और अपनी बाइक को मोड़ा, तभी रामदयालु की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में उनका पैर टूट गया और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं .
अंडरपास की मांग को लेकर ग्रामीणों का हंगामा, मुसहरी RO के लिखित आश्वासन पर खुला जाम
इस फोरलेन पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से आक्रोशित होकर मादापुर चौबे गांव के ग्रामीणों ने अंडरपास बनाने की मांग को लेकर नेशनल हाईवे (NH) को जाम कर दिया. करीब तीन घंटे तक चले इस हंगामे के कारण सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं. घटना की सूचना मिलते ही सदर थानेदार नवलेश कुमार आजाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे ग्रामीणों का कहना था कि इस कट पर बार-बार लोगों की जान जा रही है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थानेदार ने मुसहरी आरओ (राजस्व अधिकारी) को मौके पर बुलाया. मुसहरी आरओ द्वारा बुधवार को एसडीओ के साथ ग्रामीणों की बैठक कराने का लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद ही आक्रोशित लोगों ने जाम समाप्त किया .
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










