मुजफ्फरपुर: बाथरूम में फंदे से लटका मिला मजदूर का शव, जांच में जुटी FSL टीम

Published by : Purushottam Kumar Updated At : 10 Jun 2026 3:49 PM

विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के सादपुरा में मजदूर विवेक कुमार का शव बाथरूम में फंदे से लटका मिला. परिजनों ने पत्नी और ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप. थानेदार चंद्र भूषण कुमार सिंह और FSL की टीम जांच में जुटी. जानिए खबर विस्तार से…

विज्ञापन

मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के सादपुरा धनुखर टोला में बुधवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक 33 वर्षीय मजदूर का शव उसके घर के बाथरूम में फंदे से लटका हुआ पाया गया. मृतक की पहचान कुढ़नी थाना क्षेत्र के रामचंद्रा गांव निवासी विवेक कुमार के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में कोहराम मच गया. सूचना पर पहुंची पुलिस और एफएसएल की टीम ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है.

बाथरूम में मिला शव

मिली जानकारी के अनुसार, विवेक कुमार वर्तमान में सादपुरा धनुखर टोला में अपनी पत्नी के साथ ससुराल के पास ही एक किराए के मकान में रह रहा था. बुधवार की सुबह जब उसकी पत्नी कमरे में सो रही थी, उसी दौरान विवेक का शव बाथरूम में फंदे से लटका हुआ मिला. जैसे ही इसकी भनक आसपास के लोगों और विवेक के पैतृक गांव रामचंद्रा के परिजनों को लगी, भारी संख्या में लोग मौके पर जुट गए.

परिजनों का फूटा गुस्सा

घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक विवेक के गांव से रोते-बिलखते परिजन सादपुरा पहुंचे. विवेक का शव देखते ही उनके सब्र का बांध टूट गया. परिजनों ने विवेक की पत्नी और उसके ससुराल वालों पर प्रताड़ना और हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का सीधा आरोप लगाया. देखते ही देखते मौके पर परिजनों का आक्रोश भड़क गया और उन्होंने जमकर हंगामा करना शुरू कर दिया.

पुलिस और पार्षद ने कराया शांत

मामले की गंभीरता को देखते हुए काजीमोहम्मदपुर थानेदार चंद्र भूषण कुमार सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. उनके साथ वार्ड 33 के पार्षद नूरैन आलम भी घटनास्थल पर आए. दोनों ने आक्रोशित परिजनों को उचित कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया और काफी समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया.

FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

इसके बाद पुलिस की विशेष मांग पर विधि प्रयोगशाला (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया गया. एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके.

पति-पत्नी में अक्सर होता था विवाद

घटना के संबंध में वार्ड पार्षद नूरैन आलम ने बताया कि विवेक और उसकी पत्नी के बीच अक्सर पारिवारिक विवाद होता रहता था. कुछ दिन पहले भी दोनों के बीच झगड़े की शिकायत उनके पास आई थी. उस समय उन्होंने स्थानीय स्तर पर पंचायत बुलाई थी और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामले को शांत करा दिया था.

थानेदार चंद्र भूषण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह आत्महत्या है या हत्या. पीड़ित परिवार की ओर से लिखित शिकायत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस घटना के बाद से सादपुरा और मृतक के पैतृक गांव रामचंद्रा में सन्नाटा पसरा हुआ है.

विज्ञापन
Purushottam Kumar

लेखक के बारे में

By Purushottam Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन