मुजफ्फरपुर: चामुंडा स्थान और बाबा खगेश्वर नाथ मंदिर को मिलेगा पर्यटन स्थल का दर्जा, चमकाने की तैयारी शुरू

कटरा स्थित चामुंडा स्थान मंदिर
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए माता चामुंडा स्थान, बाबा खगेश्वर नाथ और भैरव स्थान को पर्यटन स्थल बनाने की तैयारी शुरू हो गई है. जिला प्रशासन ने विकास कार्यों के लिए पर्यटन विभाग को विस्तृत प्रस्ताव भेजा है. पढे़ं पूरी खबर…
मुजफ्फरपुर से प्रभात कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के कई ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों को अब नई पहचान मिलने वाली है. जिला प्रशासन ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कटरा के माता चामुंडा स्थान, बंदरा के बाबा खगेश्वर नाथ मंदिर और औराई के भैरव स्थान को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की पहल शुरू कर दी है. इसके लिए विस्तृत प्रस्ताव पर्यटन विभाग को भेजा गया है.
डीएम ने पर्यटन विभाग को भेजा प्रस्ताव
जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने इन धार्मिक स्थलों की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता को देखते हुए पर्यटन विभाग को विस्तृत रिपोर्ट भेजी है. प्रस्ताव में कहा गया है कि इन स्थलों के विकास से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.
माता चामुंडा स्थान पर बनेंगी आधुनिक सुविधाएं
कटरा प्रखंड स्थित प्रसिद्ध माता चामुंडा स्थान को पर्यटन हब बनाने की योजना तैयार की गई है. यहां करीब 90.80 डिसमिल जमीन पर श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग, शुद्ध पेयजल, आधुनिक शौचालय, विश्राम स्थल, यात्री शेड, प्रकाश व्यवस्था और सांस्कृतिक मंच जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी.
बाबा खगेश्वर नाथ मंदिर को मिलेगी नई पहचान
बंदरा अंचल के मतलूपुर स्थित बाबा खगेश्वर नाथ महादेव मंदिर को भी बड़े धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है. सावन में लगने वाले ऐतिहासिक मेले और यहां की आस्था को देखते हुए प्रशासन ने मंदिर परिसर और आसपास की करीब डेढ़ एकड़ जमीन पर्यटन विभाग को उपलब्ध कराई है.
सड़क, लाइटिंग और घाट निर्माण की योजना
प्रशासन की योजना के मुताबिक इन धार्मिक स्थलों पर बेहतर सड़क संपर्क, सुरक्षा व्यवस्था, हरित क्षेत्र, लाइटिंग और घाट निर्माण कराया जाएगा. अधिकारियों का मानना है कि इससे उत्तर बिहार में धार्मिक पर्यटन को नई रफ्तार मिलेगी.
भैरव स्थान को भी मिलेगा पर्यटन नक्शे पर स्थान
औराई स्थित प्रसिद्ध भैरव स्थान मंदिर को भी पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव पहले ही भेजा जा चुका है. प्रशासन का कहना है कि तीनों स्थलों के विकास से जिले की पहचान और मजबूत होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अनिकेत कुमार
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










