मुजफ्फरपुर: 80 पंचायतों में शुरू हुई सूर्य घर योजना, 42 हजार से अधिक घरों को मिलेगी मुफ्त बिजली

Updated:
विज्ञापन

प्रतीकात्मक तस्वीर

Muzaffarpur News: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 16 प्रखंडों की 80 पंचायतों में रूफटॉप सोलर सिस्टम की शुरुआत हुई है. पहले चरण में 7,968 घरों पर पैनल लगाकर 87.65 मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य है. जानिए पूरी खबर…

विज्ञापन

मुजफ्फरपुर से प्रभात कुमार की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: जिले को ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक बड़ी शुरुआत हुई है. ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ का ऑनलाइन कार्यारंभ किया गया है. पटना के विद्युत भवन में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में सीएम सम्राट चौधरी ने इस महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ किया. इसके तहत जिले के 16 प्रखंडों की 80 चयनित पंचायतों में सौर ऊर्जा संयंत्र (रूफटॉप सोलर सिस्टम) लगाने का काम शुरू हो गया है.

पहले फेज में 7,968 घरों की छतों पर लगेंगे सोलर पैनल

योजना के तहत जिले की 80 पंचायतों के कुल 42,776 कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं की पहचान की गई है. फर्स्ट फेज के तहत इनमें से 7,968 उपभोक्ताओं के घरों को कवर किया जा रहा है. इस पूरी परियोजना के माध्यम से मुजफ्फरपुर जिले में कुल 87.65 मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन क्षमता विकसित करने का बड़ा लक्ष्य रखा गया है, जिससे लाभार्थियों को आजीवन मुफ्त, स्वच्छ और हरित बिजली मिल सकेगी.

48.20 करोड़ रुपये की आएगी लागत, एजेंसी करेगी रखरखाव

इस विशाल परियोजना पर जिले में लगभग 48.20 करोड़ रुपये की लागत का अनुमान है. प्रत्येक सोलर प्लांट की अनुमानित लागत 60,500 रुपये निर्धारित की गई है. योजना के तहत चयनित एजेंसी द्वारा ही सोलर पैनल की स्थापना, तकनीकी सहायता और आवश्यक रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि उपभोक्ताओं को कोई परेशानी न हो.

प्रथम चरण का गणित: 1.1 किलोवाट क्षमता का लगेगा सिस्टम

पहले चरण में जिन 7,968 परिवारों को लाभ मिल रहा है, उनके घरों पर 1.1 किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम लगाया जाएगा. इसके तहत छतों पर 550 वॉट क्षमता के दो सोलर पैनल इंस्टॉल किए जाएंगे. इससे घरेलू उपयोग के लिए न सिर्फ पर्याप्त बिजली उपलब्ध होगी, बल्कि उपभोक्ताओं का बिजली पर होने वाला मासिक खर्च लगभग शून्य हो जाएगा.

प्रखंडवार चयनित मुख्य पंचायतें और उपभोक्ता

योजना के सफल संचालन के लिए सभी 16 प्रखंडों से पांच-पांच पंचायतों का चयन किया गया है. इसमें मुख्य रूप से पारू उत्तरी में सबसे अधिक 2027 उपभोक्ता, बंदरा में 1048, मुथलूपुर में 1103, बेरादीह में 1132 और शिवदासपुर में 951 उपभोक्ता शामिल हैं. इसके अलावा कांटी, मड़वन, कुढ़नी, सरैया, साहेबगंज और औराई जैसे प्रखंडों में भी तेजी से काम शुरू किया गया है.

सीएम से संवाद में बोलीं नीलम- बिजली बिल की बचत से बच्चों को पढ़ा रहे

समाहरणालय सभागार में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान मुसहरी की लाभार्थी नीलम देवी ने मुख्यमंत्री से सीधा संवाद किया. उन्होंने कहा कि पहले से मिल रही 125 यूनिट मुफ्त बिजली के कारण मासिक खर्च कम हुआ है. अब बची हुई राशि का उपयोग वे बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और स्वास्थ्य पर कर रही हैं. सोलर सिस्टम लगने से उन्हें और अधिक आर्थिक राहत मिलेगी.

विज्ञापन
सुनील कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन